iPhone गिफ्ट का झांसा देकर आदिवासी महिला से दुष्कर्म का आरोप, SoMe कंटेंट क्रिएटर गिरफ्तार

SoMe Content Creator Arrested: त्रिपुरा में एक सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर को आदिवासी महिला से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया. आरोपी पर iPhone गिफ्ट का लालच देकर होटल ले जाने का आरोप है. अगरतला में दुकान चलाने वाला आरोपी शादीशुदा है.

Content Creator Arrested: सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती खतरनाक भी हो सकती है. त्रिपुरा की आदिवासी लड़की के लिए वर्चुअल दुनिया का फ्रेंड वास्तविकता में अपराधी निकला. त्रिपुरा में एक सोशल मीडिया (SoMe) कंटेंट क्रिएटर और मोबाइल दुकान संचालक को आदिवासी महिला से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महिला को महंगा आईफोन (iPhone) देने का लालच देकर अपने जाल में फंसाया था.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान धलाई जिले के कमलपुर इलाके के रहने वाले युवक के रूप में हुई है. बताया गया कि कुछ महीने पहले उसकी मुलाकात महिला से फेसबुक के जरिए हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत बढ़ने लगी. शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे अगरतला बुलाया और महंगा iPhone गिफ्ट करने का वादा किया.

दवा खरीदने आई थी महिला

पुलिस के मुताबिक पीड़िता शनिवार सुबह दवा खरीदने के लिए ट्रेन से अगरतला पहुंची थी. जांच में सामने आया कि बधरघाट रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद आरोपी हाई-एंड बाइक लेकर वहां आया और महिला को तय स्थान की बजाय स्टेशन के पास एक होटल में ले गया. महिला ने शिकायत में कहा कि होटल के कमरे में आरोपी ने जबरन दुष्कर्म किया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई. पीड़िता का आरोप है कि होटल से निकलने से पहले आरोपी उसका मोबाइल फोन भी लेकर चला गया और बाद में गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी.

महिला थाने पहुंची पीड़िता

किसी तरह होटल से निकलने के बाद महिला सीधे वेस्ट अगरतला महिला पुलिस थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और इंस्पेक्टर शिउली दास के नेतृत्व में टीम ने शनिवार रात लक्ष्मीनारायण बाड़ी इलाके में आरोपी की मोबाइल दुकान पर छापा मारा. इसके बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया.

शादीशुदा है अगरतला में मोबाइल दुकानें चलाने वाला आरोपी

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी अगरतला में दो मोबाइल फोन की दुकानें चलाता है. उसकी दुकानें सिद्धि आश्रम और लक्ष्मीनारायण बाड़ी इलाके में स्थित हैं. स्थानीय स्तर पर वह सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर के रूप में भी जाना जाता है. पुलिस ने बताया कि आरोपी शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं.

ये भी पढ़ें:- वीडी सतीशन बने केरलम के नए मुख्यमंत्री, राहुल गांधी ने लगाया गले, 10 साल बाद सत्ता में लौटा कांग्रेस गठबंधन

पुलिस को धमकाने की कोशिश का आरोप

जांच अधिकारियों के मुताबिक हिरासत में लेने के बाद आरोपी ने अपने प्रभाव और पहचान का हवाला देकर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की. बाद में उसे अमताली पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया, जहां रविवार तड़के करीब 2 बजे उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया.

ये भी पढ़ें:- जमानत नियम-जेल अपवाद… उमर खालिद को UAPA में बेल न मिलने पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, अपने ही फैसले पर की टिप्पणी

कोर्ट में पेश किया गया आरोपी

अमतली थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर पारितोष दास ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >