असम में गोलीबारी के बाद तनाव, अरुणाचल को 48 घंटे का अल्टीमेटम; 4 आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच गोलीबारी की घटना के बाद तनाव बढ़ गया है. असम सरकार ने अरुणाचल प्रदेश के चार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है और 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. इस मुद्दे पर शिक्षा मंत्री ने TMPK के साथ बैठक की.

Assam Arunachal conflict : असम सरकार ने गोलीबारी की घटना के बारे में जानकारी दी. 10 अगस्त को हुई गोलीबारी के बाद दोनों राज्यों के बीच माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है. असम सरकार की ओर से बताया गया कि पड़ोसी राज्य अरुणाचल प्रदेश के कुछ उपद्रवियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया. असम पुलिस द्वारा चार आरोपियों की पहचान कर ली गई है; और उन्होंने अरुणाचल प्रदेश से चारों की गिरफ्तारी की मांग भी की है.

असम शिक्षा मंत्री की TMPK के साथ बैठक

गोलीबारी की घटना के संदर्भ में असम के शिक्षा मंत्री रानोज पेगू ने धेमाजी सर्किट हाउस में TMPK के नेताओं के साथ बैठक की. ताकम मिसिंग पोरिन केबांग यानी टीएमपीके ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ अनिश्चितकालीन आर्थिक नाकेबंदी कर रखी है. रानोजी ने बैठक के बाद पत्रकारों से बात की.

अरुणाचल प्रदेश को 48 घंटे का अल्टीमेटम

उन्होंने कहा कि बैठक सकारात्मक रही और प्रदर्शनकारियों ने भी घटना को लेकर असम सरकार के रुख पर सहमति जताई. असम के ‘मिसिंग’ समुदाय के प्रमुख छात्र संगठन टीएमपीके के नेताओं ने अरुणाचल प्रदेश सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है.

आरोपियों को असम पुलिस को सौंपने की मांग

उन्होंने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर असम प्रशासन को सौंपने की मांग की है और ऐसा नहीं होने पर संगठन ने अपना आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी है. इन आरोपियों के नाम असम पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी में शामिल हैं.

पेगू ने कहा, “मिली जानकारी के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश के चार लोगों ने धेमाजी जिले की मिंगमंग पंचायत के बदाती गांव में असम के लोगों पर गोली चलाई. यह घटना किसी विवादित भूमि पर नहीं हुई थी. हमारे रिकॉर्ड के अनुसार, यह स्पष्ट रूप से असम का क्षेत्र है.”

उन्होंने बताया कि इस घटना में अरुणाचल प्रदेश के हाइमे गांव के चार लोग शामिल थे. सीमा संरक्षण एवं विकास मंत्री अतुल बोरा की मौजूदगी में पेगू ने कहा, “असम पुलिस ने इन चारों लोगों के नाम और पते अरुणाचल प्रदेश पुलिस को उपलब्ध करा दिए हैं और उनकी हिरासत की मांग की गयी है. जब भी वे असम की सीमा में पाए जाएंगे, असम पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर लेगी.”

धेमाजी में भारी सुरक्षा तैनात, आर्थिक नाकेबंदी का ऐलान वापस

असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा से लगे धेमाजी में भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है. ताकम मिसिंग पोरिन केबांग (TMPK), मातक महिला कर्मचारी (MMK), गोरखा स्टूडेंट्स यूनियन और छात्र मुक्ति संग्राम समिति की ओर से बुलाई गई आर्थिक नाकेबंदी को वापस ले लिया गया है.

10 अगस्त की गोलीबारी के बाद तनाव

असम और अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर धेमाजी जिले के मिंगमांग बस्ती में मुख्य गोलीबारी की घटना 10 अगस्त 2026 (सोमवार) को हुई थी, जिसमें असम के कई लोग घायल हुए थे. इसके विरोध में उपजे तनाव के बाद 13 अगस्त 2026 (गुरुवार) को भी प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी.

Also read : भारतीय वायुसेना में भावना कंठ ने रचा इतिहास, बनीं पहली महिला फाइटर कॉम्बैट लीडर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आलोक पाठक

आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >