ट्विशा शर्मा की मौत पर अब सुप्रीम कोर्ट करेगा सुनवाई, एम्स दिल्ली की टीम कर रही है दूसरी बार पोस्टमार्टम

Twisha Sharma Death Case : ट्विशा शर्मा मौत मामले पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट सुनवाई होगी. कोर्ट ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया है. उससे पहले रविवार को ट्विशा की बाॅडी का दूसरी बार पोस्टमार्टम एम्स दिल्ली की चार सदस्यीय टीम कर रही है.

Twisha Sharma Death Case : कोर्ट के आदेश के बाद ट्विशा शर्मा का पोस्टमार्टम रविवार को दूसरी बार हो रहा है. इसके लिए दिल्ली एम्स से चार सीनियर डॉक्टरों की एक मेडिकल टीम भोपाल आई है. इस पोस्टमार्टम के बाद ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा, ऐसा उसके परिजनों ने कहा है.

ट्विशा के पिता को उम्मीद एम्स की टीम उन्हें न्याय दिलाएगी

ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा को उम्मीद है कि एम्स की टीम उन्हें न्याय दिलाएगी और उनकी बेटी के दूसरे पोस्टमार्टम में सच्चाई सामने आएगी. वे रविवार की सुबह भोपाल एम्स पहुंचे थे. उन्होंने बताया कि वे कुछ प्रोटोकाॅल का पालन करने आए हैं. उन्हें बॉडी रिकग्निशन प्रोटोकॉल के लिए बुलाया गया था. इस मौके पर उन्होंने सबक का धन्यवाद दिया और कहा कि मुख्यमंत्री समेत सभी का धन्यवाद जिन्होंने इस पर संज्ञान लिया और सीबीआई जांच की सिफारिश की. यह मामला एक सबक बनेगा और कोई भी बेटी के साथ ऐसा करने से पहले कई बार सोचेगा. ट्विशा के पिता रविवार सुबह भोपाल मोर्चरी पहुंचे थे.

पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार संभव

ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने कहा कि हम सभी बहुत उम्मीद लगाए हुए हैं और इंतजार कर रहे हैं. अंतिम संस्कार की योजना समय के हिसाब से बनेगी.अभी यह पता नहीं है कि पोस्टमार्टम में कितना समय लगेगा. यह एक बड़ा कदम है और हम सभी खुश हैं कि जो ट्रांसपेरेंसी हम चाहते थे वह सामने आ रही है. ट्विशा शर्मा के दूसरे पोस्टमार्टम पर उसकी भाभी डॉ राशि ओबेरॉय शर्मा कहती हैं,हमें हाई कोर्ट द्वारा एम्स दिल्ली से बनाई गई टीम पर पूरा भरोसा है कि अब चीजें सही तरीके से होंगी. ट्विशा के पिता और भाई अंतिम संस्कार का फैसला करेंगे. उन्होंने कहा कि मैं ट्विशा को एक साल से जानती हूं और उसने मुझसे कहा कि मैं एक बेटी की तरह हूं और वह मेरे लिए एक मां की तरह है. हमने उसे पहले ही खो दिया है लेकिन वह हमेशा हमारे साथ रहेगी. जैसे वह हिम्मतवाली और मजबूत थी, हम आखिर तक उसके लिए लड़ते रहेंगे. हम हमेशा इसलिए लड़ते रहे हैं ताकि चीजें सही तरीके से हों और उसे वह न्याय मिले जिसकी वह हकदार है.

सुप्रीम कोर्ट ने खुद लिया संज्ञान

ट्विशा शर्मा की मौत मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है और सोमवार को कोर्ट में सुनवाई भी होनी है. इस मामले पर पीड़िता के चाचा लोकेश शर्मा कहते हैं, एक आम आदमी बस भरोसा कर सकता है क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने खुद संज्ञान लिया है. हमें उम्मीद है कि हमें न्याय मिलेगा. 12 मई की रात को ट्विशा शर्मा की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ससुराल में हुई. उसका शव फंदे से लटका हुआ मिला था. उसके परिवार वालों ने पति और सास पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया है. उसके पति समर्थ सिंह की 10 दिनों तक फरार रहने के बाद गिरफ्तारी हुई है और उसे शनिवार को 7 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.

ये भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा मौत मामले के आरोपी समर्थ सिंह को कोर्ट ने 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा

10 साल की बच्ची की हत्या को तमिलनाडु के सीएम विजय ने बताया भयावह, जांच के आदेश दिए

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajneesh Anand

राजनीति,सामाजिक, इतिहास, खेल और महिला संबंधी विषयों पर गहन लेखन किया है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में रुचि. इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक. IM4Change, झारखंड सरकार तथा सेव द चिल्ड्रन के फेलो के रूप में कार्य किया है. पत्रकारिता के प्रति जुनून है. प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया में 20 वर्षों से अधिक का अनुभव.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >