Spying For Pakistan: यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा से मिलिट्री इंटेलिजेंस, NIA और IB की पूछताछ, बैंक खातों की भी हो रही जांच

Spying For Pakistan: पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा ​​से राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA), गुप्तचर ब्यूरो (IB) और सैन्य खुफिया अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं. पुलिस ने बताया कि ज्योति मल्होत्रा के वित्तीय लेन-देन और यात्रा विवरण की भी जांच की जा रही है.

Spying For Pakistan: पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में हरियाणा पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गई यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा ​​से जुड़े मामले पर हरियाणा की गृह सचिव डॉ सुमिता मिश्रा ने कहा, “आज सीएम के साथ बैठक में राज्य में कुछ पाक गुर्गों की गिरफ्तारी पर चर्चा हुई. सीएम ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान जारी है, अभी यह पूरा नहीं हुआ है. अन्य यूट्यूब चैनलों पर भी नजर रखी जा रही है और उनकी जांच की जा रही है.”

16 मई को गिरफ्तार हुई थी ज्योति

हिसार की रहने वाली ज्योति मल्होत्रा (33) ‘ट्रैवल विद जो’ नामक एक यूट्यूब चैनल चलाती है। उसे 16 मई को न्यू अग्रसेन एक्सटेंशन से गिरफ्तार किया गया था. पुलिस ने बताया कि ज्योति के खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है.

पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में अबतक 12 लोग गिरफ्तार

ज्योति मल्होत्रा उन 12 व्यक्तियों में शामिल है जिन्हें पिछले दो सप्ताह में जासूसी के आरोप में पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है. साथ ही जांचकर्ताओं ने उत्तर भारत में कथित तौर पर पाकिस्तान से जुड़े एक जासूसी नेटवर्क के सक्रिय होने की ओर इशारा किया है.

पाकिस्तान, चीन के अलावा अन्य देशों का दौरा की थी ज्योति, हो रही है जांच

हिसार में हरियाणा पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि केंद्रीय एजेंसियां ​​और सैन्य खुफिया अधिकारी भी ज्योति मल्होत्रा की यात्रा के विवरण की जांच कर रहे हैं, क्योंकि उसने कथित तौर पर पाकिस्तान, चीन और कुछ अन्य देशों की यात्रा की थी. अधिकारियों ने बताया, घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने किन देशों की यात्रा की और किस क्रम में.

ज्योति के लैपटॉप का होगा फोरेंसिक टेस्ट, वित्तीय लेन-देन की भी हो रही जांच

इससे पहले पुलिस ने कहा था कि ज्योति की आय के ज्ञात स्रोत उसकी विदेश यात्राओं से मेल नहीं खाते, साथ ही कहा था कि उसका वित्तीय लेन-देन भी जांच के दायरे में है. पुलिस ने कहा कि ज्योति के लैपटॉप का फोरेंसिक विश्लेषण किया जा रहा है, साथ ही कहा कि वे उन लोगों से भी पूछताछ करेगी जो उसके संपर्क में थे.

भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान पाक अधिकारी के संपर्क में थी ज्योति

अधिकारी ने कहा था कि ज्योति मल्होत्रा पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिवसीय सैन्य संघर्ष के दौरान कथित तौर पर नयी दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग में तैनात एक पाकिस्तानी अधिकारी के संपर्क में थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >