सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल, कहा- छात्रों के साथ दुश्मनों जैसा हो रहा व्यवहार

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि छात्र सिर्फ जवाबदेही और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनके साथ देश के दुश्मनों जैसा व्यवहार कर रही है. उन्होंने छात्रों के साथ खड़े होने की अपील भी की.

Sonia Gandhi Article : कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने द हिन्दू में प्रकाशित अपने लेख 'शिक्षा व्यवस्था का पतन, युवा भारत की पीड़ा' ("An education system's collapse, young India's trauma") में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है.

उन्होंने कहा कि देश के छात्र शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने उनके साहस का जवाब "कायरता और अकारण क्रूरता" से दिया. सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार छात्रों को देश का भविष्य मानने के बजाय उनके साथ देश के दुश्मनों जैसा व्यवहार कर रही है. उनके मुताबिक छात्रों ने सरकार के शिक्षा व्यवस्था से जुड़े दावों की पोल खोल दी है.

संकट में शिक्षा व्यवस्था, छात्रों के समर्थन की अपील

सोनिया गांधी ने अपने लेख में कहा कि आज की शिक्षा व्यवस्था युवाओं को उम्मीद नहीं, बल्कि निराशा दे रही है. उन्होंने लिखा कि छात्र आंदोलन दो वजहों का नतीजा है. पहली, ऐसी शिक्षा व्यवस्था जिसने युवाओं का भरोसा तोड़ दिया है और दूसरी, मोदी सरकार का अहंकार, जो जवाबदेही तय करने और सुधारात्मक कदम उठाने से लगातार इनकार करता रहा है. उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ खड़ा होना और उनके भविष्य की रक्षा करना हर राजनीतिक दल और समाज की नैतिक, राजनीतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी है.

पुलिस कार्रवाई और पुराने आंदोलनों का भी किया जिक्र

सोनिया गांधी ने छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री के अधिकार क्षेत्र में काम करने वाली पुलिस ने छात्रों के साथ बर्बरता की है. उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं हुआ है.

अपने लेख में उन्होंने 2020 के CAA-NRC विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान भी यूनिवर्सिटी कैंपसों में पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की कार्रवाई हुई थी. इसके अलावा उन्होंने महिला पहलवानों के आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके साथ हुई ज्यादतियों को भी देश नहीं भूला है.

सरकार पर शिक्षा व्यवस्था कमजोर करने का आरोप

सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों की वजह से देश की शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हुई है. उन्होंने कहा कि पेपर लीक, पारदर्शिता की कमी और छात्रों में बढ़ती निराशा जैसे मुद्दे गंभीर चिंता का विषय हैं. उनके मुताबिक सरकार को छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी मांगों को गंभीरता से सुनना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर शिक्षा व्यवस्था में समय रहते सुधार नहीं किया गया तो इसका असर सिर्फ छात्रों पर नहीं, बल्कि देश के भविष्य पर भी पड़ेगा.


ये भी पढ़ें : CJP Protest Live : जंतर-मंतर जा रहे 25 से ज्यादा छात्र हिरासत में, सोनम वांगचुक ने 26 दिन बाद तोड़ा अनशन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आलोक पाठक

आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >