Shashi Tharoor Brother in Law Army: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भारतीय सेना में एक अहम नियुक्ति को लेकर खुशी और गर्व जाहिर किया है. उन्होंने अपने बहनोई (साले साहब) लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर के भारतीय सेना की प्रतिष्ठित दक्षिणी कमान के नए सेना कमांडर नियुक्त होने पर उन्हें बधाई दी. शशि थरूर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर से फोन पर बात की और इस उपलब्धि पर अपनी खुशी जाहिर की.
सोशल मीडिया एक्स पर किए गए पोस्ट में शशि थरूर ने राजेश पुष्कर के साथ एक फोटो साझा की. लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर शशि थरूर की दिवंगत पत्नी सुनंदा पुष्कर के भाई हैं. इस पोस्ट के साथ उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह भारतीय सेना का शानदार अभियान था. पाकिस्तान ने भारत के सामने घुटने टेके थे. उन्होंने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर जारी है, जब भी सिंदूर-2 होगा भारतीय सेना जल, थल और नभ हर तरह से ऑपरेशन करने के लिए तैयार है.
1 जुलाई से संभालेंगे दक्षिणी कमान की जिम्मेदारी
थरूर ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर को दक्षिणी कमान का आर्मी कमांडर नियुक्त किया गया है. वह 1 जुलाई से इस जिम्मेदारी को संभालेंगे. उन्होंने लिखा कि भारतीय सेना में कुल छह ऑपरेशनल कमांड हैं और इनमें दक्षिणी कमान क्षेत्रफल के लिहाज से सबसे बड़ी कमान है. यह देश के बेहद महत्वपूर्ण और रणनीतिक हिस्सों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालती है.
शशि थरूर ने जताया परिवार का गर्व
थरूर ने अपने पोस्ट में कहा कि राजेश पुष्कर की सैन्य क्षमता, शानदार रिकॉर्ड और वर्दी के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें पूरा भरोसा है कि वह इस जिम्मेदारी को बेहतरीन तरीके से निभाएंगे. उन्होंने लिखा, ‘उनकी सैन्य प्रतिभा, शानदार रिकॉर्ड और वर्दी के प्रति पूरी निष्ठा को जानते हुए मुझे पूरा विश्वास है कि वह इस जिम्मेदारी को सर्वोच्च सम्मान के साथ निभाएंगे.’
उन्होंने आगे कहा कि यह पूरे परिवार के लिए बेहद गर्व का क्षण है और देश के लिए भी भरोसे का समय है. एक सक्षम और समर्पित अधिकारी इतनी बड़ी जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं.
पिपिंग सेरेमनी की तस्वीर भी साझा की
शशि थरूर ने अपनी पोस्ट के साथ एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें वह लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर और उनकी पत्नी अनु के साथ नजर आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि यह तस्वीर उस समय की है जब राजेश पुष्कर मेजर जनरल बने थे और उनकी ‘पिपिंग सेरेमनी’ हुई थी.
ये भी पढ़ें:- ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए 6 जवानों के नाम पहली बार सामने आए, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर दर्ज हुई वीरों की गाथा
थरूर ने नई भूमिका के लिए मांगीं शुभकामनाएं
थरूर ने देशवासियों से भी लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर को शुभकामनाएं देने की अपील की. उन्होंने लिखा, ‘कृपया मेरे साथ मिलकर उन्हें शुभकामनाएं दें, क्योंकि वह इस नई भूमिका में देश की सेवा और सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं.’ पोस्ट के अंत में उन्होंने ‘जय हिंद!’ लिखा.
