Uddhav Thackeray vs Eknath Shinde: ऑपरेशन टाइगर पर शिवसेना नेता संजय निरुपम कहते हैं, UBT पार्टी धीरे-धीरे खत्म हो रही है. उनके MLA और MP को अब UBT की लीडरशिप पर भरोसा नहीं रहा. 2029 तक यह पार्टी खत्म हो जाएगी. लोग रोज UBT छोड़ रहे हैं. जहां तक उनके MP की बात है, तो हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है. यह उनकी पार्टी का अंदरूनी मामला है. यह पार्टी धीरे-धीरे खत्म हो जाएगी और लोग इसे छोड़ देंगे.
संजय राउत ने UBT की टूट वाली खबरों को बताया अफवाह
शिवसेना (UBT) के पांच सांसदों के अलग गुट बनाने की खबरों पर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, यह झूठ है. हमारे पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है. चार दिन पहले, इन सभी सांसदों ने उद्धव ठाकरे जी की बुलाई बैठक में हिस्सा लिया था और उनके नेतृत्व में भरोसा जताया था. उनमें से कुछ नेताओं ने तो अपने प्रियजनों की कसम खाकर उद्धव जी को समर्थन देने का वादा किया था.
सभी सांसद दृढ़ता से पार्टी के साथ हैं : संजय राउत
शिवसेना (UBT) की बैठक में कुल नौ में से पांच लोकसभा सदस्यों के अनुपस्थित रहने पर आदित्य ठाकरे और संजय राउत ने कहा कि वे सभी पार्टी के साथ हैं. ऑपरेशन टाइगर के कयासों पर राउत ने सवाल किया कि क्या जाग रहे बाघ को हाथ लगाया जा सकता है. उन्होंने कहा, बाघ को पहले बेहोश करना पड़ता है. उसके बाद उसके पैरों को बांधना होता है. हमारे मामले में यह संभव नहीं है. बाघ खुलेआम घूम रहे हैं.
शिवसेना MLC कृपाल तुमाने का दावा, यूबीटी के 7 सांसद उनकी पार्टी के संपर्क में
शिवसेना MLC कृपाल तुमाने के इस दावे पर कि शिवसेना UBT के 7 सांसद उनकी पार्टी के संपर्क में हैं, शिवसेना UBT नेता संजय राउत ने कहा, वह कौन हैं? महाराष्ट्र की राजनीति में ऐसा कोई व्यक्ति नहीं है. आज शिंदे गुट में ऐसे लोग हैं जो कुछ भी कह देते हैं. पार्टी में फूट कौन डालेगा? पिछले 12 सालों से BJP का काम सिर्फ राजनीतिक पार्टियों को तोड़ना ही रहा है. उन्होंने अब TMC को तोड़ा है, इससे पहले उन्होंने NCP और शिवसेना के साथ भी ऐसा ही किया था.
उद्धव ठाकरे की बैठक से गायब थे यूबीटी के 5 सांसद
शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को मुंबई में पार्टी सांसदों की बैठक बुलाई थी. हालांकि, बैठक में कुल नौ में से केवल चार लोकसभा सदस्यों अरविंद सावंत, अनिल देसाई, राजाभाऊ वाजे और संजय पाटिल ने शिरकत की. अन्य सांसदों के बारे में राउत ने रविवार को कहा था कि ओमप्रकाश राजे निंबालकर, भाउसाहेब वाकचौरे, नागेश बापूराव पाटिल अष्टिकर और संजय देशमुख ने ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शिरकत की, जबकि संजय जाधव ने फोन पर ठाकरे से बात की.
