Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि 12 से 18 मार्च के बीच देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल सकता है. इस दौरान कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और मध्य भारत के कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती है. आईएमडी के मुताबिक लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने के आसार हैं. अनुमान है कि अधिकतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है.
पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी के साथ तेज हवा चलने की संभावना
मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 मार्च को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है. 13 और 14 मार्च को भी बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है हालांकि इसकी तीव्रता में कमी आने की संभावना है. लेकिन 15 से 18 मार्च के दौरान कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है. इसके अलावा 12, 15 और 16 मार्च को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और 12 और 14 से 16 मार्च के दौरान उत्तराखंड में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
यूपी, पंजाब-हरियाणा समेत कई और राज्यों में आंधी-बारिश की संभावना
मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 और 14 से 17 मार्च के दौरान पंजाब में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकता है. गरज के साथ बिजली कड़कने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. 15 से 17 मार्च के दौरान हरियाणा चंडीगढ़, 15 और 16 मार्च को उत्तर प्रदेश, 14 और 15 मार्च को राजस्थान में गरज के साथ बिजली कड़कने की संभावना है.
असम मेघालय समेत पूर्वोत्तर भारत में गरज-चमक के साथ तेज हवा
आईएमडी के मुताबिक 12 से 18 मार्च के दौरान पूर्वोत्तर भारत में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ बिजली कड़कने की संभावना है. मौसम विभाग की ताजा जानकारी के मुताबिक 13 से 15 मार्च के दौरान अरुणाचल प्रदेश में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है. 12 से 15 मार्च के दौरान असम और मेघालय में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. 16 और 17 मार्च को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश हो सकती है.
एमपी और छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि 13 से 16 मार्च के दौरान विदर्भ और छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी, बिजली और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. 15 मार्च को पश्चिमी मध्य प्रदेश और 15-16 को पूर्वी मध्य प्रदेश में भी ऐसा ही हाल रह सकता है. जबकि 12 से 16 मार्च के दौरान सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश की संभावना है.
इन इलाकों में हीट वेव अलर्ट
देश के कुछ हिस्सों में तेज गर्मी पड़ने की संभावना है. मौसम विभाग ने हीट वेव अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के मुताबिक 12 मार्च को सौराष्ट्र और कच्छ में कुछ जगहों पर हीट वेव से लेकर बहुत ज्यादा हीट वेव की स्थिति हो सकती है. 13 मार्च को भी ऐसा ही मौसम रह सकता है. इसके अलावा 12 और 13 मार्च को गुजरात में कुछ जगहों पर हीट वेव की स्थिति रह सकती है.
Also Read: बिहार में अगले 72 घंटे में 40 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
