CJP प्रोटेस्ट के बीच PM मोदी का ऐलान: युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले बचेंगे नहीं, बनेंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट

34 दिनों से सीजेपी का प्रदर्शन जंतर-मंतर पर लगातार जारी है. लंबे समय से विपक्ष और सीजेपी पीएम की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे थे. पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कार्रवाई को लेकर ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि पेपर लीक के दोषियों को सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे. यह कदम युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए उठाया जाएगा.

PM Modi on Paper Leak : NEET पेपर लीक और देशभर में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए यह घोषणा की है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की फर्स्ट प्रायोरिटी है. पीएम ने ऐलान किया कि पेपर लीक के मामलों में शामिल दोषियों को जल्द और कड़ी सजा दिलाने के लिए सरकार फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करेगी.

"युवाओं के भविष्य से बढ़कर कुछ नहीं"

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "हमारे युवाओं के कल्याण और भविष्य से बढ़कर कुछ भी महत्वपूर्ण नहीं है. युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा." उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों और विभागों को इस संबंध में सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दे दिए गए हैं.

पीएम ने कहा कि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार लगातार फैसले ले रही है और फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

देश भर में फैला आंदोलन

प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर देशभर में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं. दिल्ली के जंतर-मंतर समेत कई शहरों में आंदोलन जारी है और प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे सहित कई मांगें उठा रहे हैं. ऐसे माहौल में प्रधानमंत्री का यह बयान सरकार की ओर से इस पूरे विवाद पर पहली बड़ी प्रतिक्रिया माना जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >