PM Modi UAE Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ कई मुद्दों पर अहम वार्ता की. दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक में ऊर्जा, रक्षा, प्रौद्योगिकी, निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े मुद्दों पर रणनीतिक सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा हुई. प्रधानमंत्री और अल नाहयान की मुलाकात मोदी के पांच देशों के दौरे के पहले चरण में यूएई पहुंचने के तत्काल बाद हुई. पीएम मोदी यूएई में लगभग ढाई घंटा ठहरे. बैठक की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई पर हुए हमलों की निंदा करते हुए कहा कि भारत मिडिल ईस्ट में शांति स्थापित करने के लिए हर संभव सहयोग देने को तैयार है. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि मिडिल ईस्ट तनाव का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है.
यूएई ने भारत में 5 अरब डॉलर निवेश की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूएई यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजारों में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव के चलते समुद्री आवाजाही भी प्रभावित हुई है, जिसका असर अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है. इसके बावजूद भारत और यूएई ने अपने आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि यूएई ने भारत में 5 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि यह निवेश दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई मजबूती देगा और भारत के विकास को गति प्रदान करेगा. यूएई के बाद पीएम मोदी नीदरलैंड के लिए रवाना हो गये.
ऊर्जा और पेट्रोलियम क्षेत्र में बड़ा समझौता
विदेश मंत्रालय (Ministry of External Affairs) के अनुसार इंडियन स्ट्रेटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व्स लिमिटेड और अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी के बीच सामरिक सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर हुए हैं. इस समझौते का मकसद है.
- भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करना
- पेट्रोलियम भंडार बढ़ाना
- एलएनजी और एलपीजी भंडारण केंद्रों पर सहयोग बढ़ाना
- दोनों देशों ने एलपीजी आपूर्ति को लेकर भी दीर्घकालिक रणनीतिक समझौता किया.
रक्षा और तकनीक सहयोग को नई मजबूती
भारत और यूएई ने रक्षा औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने के लिए भी एक रणनीतिक समझौते पर हस्ताक्षर किए. इसके तहत दोनों देश रक्षा तकनीक में सहयोग बढ़ाने पर राजी हुए हैं. इनोवेशन को प्रोत्साहन, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय सुरक्षा मजबूत करना शामिल है.
गुजरात में बनेगा जहाज मरम्मत केंद्र
दोनों देशों के बीच गुजरात के वडीनार में जहाज मरम्मत केंद्र स्थापित करने और बंदरगाह और तटीय बुनियादी ढांचे को विकसित करने पर भी समझौता हुआ. इसके अलावा जहाज मरम्मत क्षेत्र में कौशल विकास को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी.
AI और सुपरकंप्यूटर परियोजना पर समझौता
भारत की कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) महत्वाकांक्षाओं को बढ़ावा देने के लिए सुपरकंप्यूटर क्लस्टर स्थापित करने से जुड़ा समझौता भी दोनों देशों के बीच हुआ. विदेश मंत्रालय ने कहा कि इससे तकनीकी सहयोग और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
एयरपोर्ट पर विशेष सम्मान के साथ हुआ स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी के यूएई पहुंचने पर राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने स्वयं एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया. पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और विशेष सम्मान के तौर पर यूएई के सैन्य विमानों ने उनके विमान की अगवानी भी की.
पांच देशों के दौरे पर हैं प्रधानमंत्री मोदी
पीएम मोदी पांच देशों की यात्रा पर रवाना हुए हैं. यूएई यात्रा उनके विदेश दौरे का पहला चरण है. यूएई के बाद प्रधानमंत्री मोदी नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा करेंगे. इन यात्राओं का उद्देश्य ट्रंड, ग्रीन एनर्जी, निवेश, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना है.
