PM Modi Sweden Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी यूरोपीय यात्रा के दूसरे चरण में स्वीडन पहुंच गए हैं. यहां गोथेनबर्ग में जिस होटल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ठहरे हैं, वहां उनका पारंपरिक बंगाली परंपरा के साथ स्वागत किया गया. भारतीय समुदाय और स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक बंगाली सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया. ढाक की धुन, पारंपरिक नृत्य और बंगाली रीति-रिवाजों के साथ पीएम मोदी का अभिनंदन किया गया. इस खास मौके पर भारतीय संस्कृति की झलक साफ दिखाई दी. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने मोदी-मोदी के नारों और तालियों के साथ पीएम मोदी का स्वागत किया.
हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत
इससे पहले रविवार को गोथेनबर्ग (Gothenburg) हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया. इस दौरान स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन खुद उनकी अगवानी के लिए मौजूद रहे. गोथेनबर्ग हवाई अड्डे पर उतरने से पहले प्रधानमंत्री मोदी के विमान को स्वीडिश वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने सुरक्षा प्रदान की. यह विशेष सम्मान इस यात्रा के महत्व और दोनों देशों के मजबूत संबंधों को दर्शाता है.
व्यापार और रणनीतिक साझेदारी पर होगी चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी स्वीडन की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर बातचीत करेंगे. दोनों देशों के बीच व्यापार 2025 में बढ़कर 7.75 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच चुका है और अब सहयोग के नए अवसर तलाशे जाएंगे. बैठक में ग्रीन एनर्जी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इनोवेशन, स्टार्टअप, डिफेंस, स्पेस, जलवायु परिवर्तन और मजबूत सप्लाई चेन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है. साथ ही दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संबंध बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा.
यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री को करेंगे संबोधित
विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्वीडन के प्रधानमंत्री यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन के साथ मिलकर यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री को संबोधित करेंगे. यह मंच यूरोप के प्रमुख व्यापारिक नेताओं का अहम संगठन माना जाता है.
पहले भी पीएम मोदी कर चुके हैं स्वीडन की यात्रा
प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले भी स्वीडन की यात्रा कर चुके हैं. साल 2018 में पहले भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए पीएम मोदी स्वीडन गए थे. उनकी यह यात्रा भारत और नॉर्डिक देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है.
यूरोपीय दौरे का दूसरा चरण
स्वीडन दौरा प्रधानमंत्री मोदी की चार देशों की यूरोपीय यात्रा का दूसरा चरण है. इससे पहले वह नीदरलैंड की यात्रा कर चुके हैं, जहां भारत और नीदरलैंड के बीच रक्षा, महत्वपूर्ण खनिज और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए 17 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं. इस सप्ताह के अंत में प्रधानमंत्री मोदी नार्वे और इटली की भी यात्रा करेंगे.
इसे भी पढ़ेः ड्रोन हमले से दहला UAE, बराकाह न्यूक्लियर प्लांट पर निशाना, लगी आग
नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 14 दिनों की रिमांड पर ‘मास्टरमाइंड’
