Rain Warning: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में 19 और 20 मई को, उत्तराखंड में 20 से 23 मई के बीच गरज, बिजली कड़कने और तेज हवा चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक कहीं-कहीं हल्की से लेकर मध्यम बारिश होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में 19 से 23 मई के बीच गरज, बिजली कड़कने और तेज हवा का दौर जारी रह सकता है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है. कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
पूर्वोत्तर भारत में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना
पूर्वोत्तर भारत में मौसम में बदलाव का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. कई इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश में 17 और 18 मई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि असम और मेघालय में 17, 22 और 23 मई को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 से 23 मई तक लगातार बारिश का अनुमान लगाया गया है.
बिहार झारखंड समेत पूर्वी भारत में गरज चमक के साथ बारिश
पूर्वी भारत में भी मौसम में बदलाव का असर दिखाई दे रहा है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 17 मई और फिर 21 से 23 मई के बीच भारी बारिश की संभावना है. गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में भी 17 से 19 मई तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी कई दिनों तक बारिश और आंधी का दौर जारी रहने का अनुमान है. कुछ इलाकों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है.
मध्य भारत में खराब मौसम रहने की संभावना
मध्य भारत और पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है. आईएमडी के मुताबिक मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा और मराठवाड़ा में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम?
दक्षिण भारत के राज्यों में भी मौसम बिगड़ने की आशंका है. तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, लक्षद्वीप, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. कई क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है. केरल और माहे में 17 मई को बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. वहीं तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक और केरल में 17 से 19 मई तक भारी बारिश हो सकती है. आंतरिक कर्नाटक में 17 और 18 मई को ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है.
Also Read: 19 मई तक झारखंड में बदला रहेगा मौसम, कहीं लू तो कहीं बारिश के आसार
