प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (5 सितंबर) को दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में शामिल हुए. कॉलेज की स्थापना के 100 साल पूरे होने पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों, शिक्षकों, पूर्व छात्रों और संस्थान से जुड़े लोगों को बधाई दी. प्रधानमंत्री ने कहा कि SRCC ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है और बिजनेस, सार्वजनिक जीवन और समाज के लिए कई पीढ़ियों के नेतृत्व को तैयार किया है.
मेट्रो से पहुंचे पीएम मोदी
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पीएम मोदी ने दिल्ली मेट्रो से सफर किया. इस दौरान वह आम यात्रियों और छात्रों के साथ बातचीत करते नजर आए. उत्तर दिल्ली स्थित कॉलेज पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर शताब्दी समारोह की शुरुआत की. कॉलेज प्रशासन की ओर से उन्हें 100 साल पूरे होने की याद में एक विशेष स्मृति चिह्न भी भेंट किया गया.
बच्चे ने पीएम के कान में कुछ कहा, सुनकर मुस्कुराने लगे पीएम मोदी
दिल्ली मेट्रो में सफर के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बच्चों से बातचीत की. इसी दौरान एक बच्चा उनके करीब आया और कान में कुछ कहा. बच्चे की बात सुनते ही पीएम मोदी मुस्कुरा उठे. इसके बाद उन्होंने बच्चे से हाथ मिलाया और बातचीत को सहज अंदाज में आगे बढ़ाया.
जारी किया 100 रुपये का स्मारक सिक्का
शताब्दी समारोह के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने 100 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का भी जारी किया. इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर SRCC की शैक्षणिक उपलब्धियों और संस्थान निर्माण में उसके योगदान की सराहना की थी. 1926 में उद्योगपति और समाजसेवी सर श्रीराम द्वारा स्थापित SRCC कॉमर्स, इकोनॉमिक्स और मैनेजमेंट की पढ़ाई के लिए देश के प्रमुख संस्थानों में गिना जाता है.
Also Read: SRCC के शताब्दी समारोह में पहुंचे पीएम मोदी, कहा- OG हैं यहां के एलुमनाई
