PM मोदी ने राज्यसभा सांसदों से नाश्ते पर की मुलाकात, लॉबिस्ट से दूर रहने की दी सलाह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद सत्र के दौरान राज्यसभा सांसदों के साथ नाश्ते पर मुलाकात की. उन्होंने सांसदों को लॉबिस्ट और पावर ब्रोकर से दूर रहने की महत्वपूर्ण सलाह दी. साथ ही, अपने निर्वाचन क्षेत्र और जमीनी कार्यकर्ताओं से जुड़े रहने के महत्व पर भी जोर दिया.

PM Modi meet Rajyasabha MPs : संसद सत्र के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राज्यसभा के 36 सांसदों के साथ नाश्ते पर मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने सांसदों को सलाह दी कि वे अपने निर्वाचन क्षेत्र और जमीनी कार्यकर्ताओं से लगातार जुड़े रहें. साथ ही दिल्ली में सक्रिय लॉबिस्ट और पावर ब्रोकर जैसे लोगों से दूरी बनाए रखें. प्रधानमंत्री ने कहा कि सांसदों को ऐसे लोगों से भी सतर्क रहना चाहिए, जो दोस्त या शुभचिंतक बनकर उनके प्रभाव का गलत इस्तेमाल करने की कोशिश करते हैं.

'जड़ों से जुड़े रहें, सांसद पद का सम्मान करें'

बैठक में प्रधानमंत्री ने सांसदों से कहा कि राज्यसभा की सीट बहुत महत्वपूर्ण होती है. हजारों लोग इस पद तक पहुंचने की इच्छा रखते हैं. इसलिए सांसदों को अपने दायित्व का सम्मान करना चाहिए और हमेशा अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि दिल्ली में कई लोग मदद के नाम पर करीब आने की कोशिश करते हैं, लेकिन वे मकड़ी के जाल की तरह फंसा सकते हैं. ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है.

संसद की लाइब्रेरी जाएं, तकनीक का जिम्मेदारी से करें इस्तेमाल

प्रधानमंत्री ने नए सांसदों को संसद भवन की कार्यप्रणाली, लाइब्रेरी और वहां मौजूद कला एवं विरासत को समझने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि बहुत कम सांसद संसद की लाइब्रेरी का उपयोग करते हैं, जबकि यह ज्ञान का बड़ा स्रोत है. साथ ही उन्होंने तकनीक और सोशल मीडिया के जिम्मेदार इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि सांसदों को अपने क्षेत्र और युवाओं से संवाद बनाए रखना चाहिए. पीएम ने कहा कि सार्वजनिक मंचों पर मर्यादित भाषा का ही प्रयोग करना चाहिए.

सांसदों को पीएम ने दिया फिटनेस का मंत्र

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसदों को फिट रहने और सक्रिय जीवनशैली अपनाने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि अपने आसपास के माहौल के प्रति हमेशा सजग रहें, जितना हो सके पैदल चलें और संसद सत्र को कभी हल्के में न लें. उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि वह खुद भी कार से गंतव्य तक की दूरी अगर 100 मीटर ही क्यों न हो, तो पैदल चलना पसंद करते हैं. बैठक में तरुण चुघ, विनोद तावड़े, रजनीश अग्रवाल, ए. शारदा देवी, स्वाति मालीवाल, राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, विक्रमजीत सिंह साहनी, सुष्मिता देव और देबाशीष सामंत्राय समेत कई सांसद मौजूद रहे.

Also read : CJP ने की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा, अभिजीत दीपके की टीम में 3 महिलाओं को भी मिली जगह


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आलोक पाठक

आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >