PHOTO : ह्यूमन चेन, सफेद पर्दा और पुलिस का घेरा... ऐसे जंतर-मंतर से हटाए गए सोनम वांगचुक, देखें तस्वीरें

भूख हड़ताल के 21वें दिन सोनम वांगचुक को कोर्ट के आदेश पर अस्पताल ले जाया गया. जंतर-मंतर पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव रहा. सीजेपी ने मारपीट और जबरन ले जाने का आरोप लगाया, जबकि पुलिस ने प्रदर्शन खत्म करने की अपील की.

कोर्ट के आदेश के बाद अस्पताल ले गई पुलिस

21 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया. इसके बाद पुलिस उन्हें जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल लेकर गई. एएनआई के मुताबिक, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और उनका इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है.

जंतर-मंतर पर पुलिस की मौजूदगी, समर्थकों ने किया विरोध

कोर्ट के आदेश के बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी जंतर-मंतर पहुंचे. पुलिस ने प्रदर्शन स्थल को खाली कराने की कोशिश की, जिसका सीजेपी समर्थकों ने विरोध किया. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आंदोलन को कमजोर करने के लिए यह कार्रवाई की गई, जबकि पुलिस ने लोगों से प्रदर्शन खत्म करने की अपील की.

CJP का आरोप- 'मारपीट कर जबरन ले गई पुलिस'

सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रंका ने आरोप लगाया कि शनिवार सुबह पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट की और सोनम वांगचुक को इलाज के बहाने जबरन अपने साथ ले गई. उन्होंने दावा किया कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान अभिजीत दीपके के साथ धक्का-मुक्की भी हुई.

अभिजीत दीपके बोले- मेरे नहीं रहने पर हुई कार्रवाई

सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि जब वे कुछ देर के लिए जंतर-मंतर से बाहर गए थे, तभी पुलिस ने सोनम वांगचुक को वहां से हटा दिया. उन्होंने पुलिस पर लाठीचार्ज और समर्थकों के साथ मारपीट का आरोप लगाया. हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

'अब चुप बैठने का वक्त नहीं', देशभर में प्रदर्शन की अपील

सीजेपी ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से सड़कों पर उतरकर आंदोलन का समर्थन करने की अपील की. आशुतोष रंका ने कहा कि पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने लोगों से सोनम वांगचुक के जल्द स्वस्थ होने की दुआ करने की भी अपील की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >