Parliament Updates : लोकसभा में विपक्ष का जोरदार हंगामा

Parliament Updates : संसद का शीतकालीन सत्र शुरू हो चुका है. विपक्ष कई मुद्दों को लेकर हंगामा कर सकता है. वहीं, केंद्र सरकार इस सत्र में 14 विधायक पेश कर सकती है.

Parliament Updates : संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन विपक्षी दलों के सदस्यों ने कई मुद्दों पर हंगामा किया. इसके चलते लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के लगभग 20 मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. बैठक की शुरुआत में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कुछ दिवंगत पूर्व सांसदों के निधन की जानकारी दी और सदन ने मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इसके बाद उन्होंने महिला क्रिकेट विश्वकप और महिला कबड्डी विश्वकप में भारत की जीत पर खुशी जताते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी. जैसे ही प्रश्नकाल शुरू करने का निर्देश दिया गया, कांग्रेस, सपा सहित विपक्षी सदस्य विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की मांग करते हुए खड़े हो गए और कुछ सदस्य आसन के समीप पहुंच गए.

विपक्ष बिहार के नतीजों से परेशान : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत से पहले मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने लोकतंत्र को जिया है और यह बात बार-बार साबित हुई है. बिहार में हुए विधानसभा चुनाव ने भी यह दिखा है. विपक्ष बिहार के नतीजों से परेशान, वह पराजय की निराशा से बाहर निकले. उन्होंने कहा कि संसद का शीतकालीन सत्र केवल एक परंपरा नहीं है, यह भारत को विकास के पथ पर ले जाने के प्रयासों में ऊर्जा भरेगा. बिहार विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति का गवाह है. विपक्ष को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और सदन में नारे नहीं, चर्चा होनी चाहिए.

इससे पहले कांग्रेस के लोकसभा सांसद विजय कुमार उर्फ विजय वसंत ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव सूचना दी है. उन्होंने सभी 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चल रहे SIR अभ्यास को तुरंत निलंबित करने की मांग की है. कांग्रेस सांसद माणिकम टैगोर ने भी इस मामले को लेकर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव सूचना दी है.

विपक्षी दलों ने रणनीति पर चर्चा की

विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने सोमवार को संसद के शीतकालीन सत्र को लेकर अपनी रणनीति पर चर्चा की. यह बैठक राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संसद भवन स्थित कमरे में हुई. इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सपा नेता रामगोपाल यादव, द्रमुक नेता टी. आर. बालू सहित कई अन्य नेता मौजूद थे.

यह भी पढ़ें : Atomic Energy Bill : परमाणु ऊर्जा विधेयक 2025 क्या है?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >