Parliament Session Live : वंदे मातरम के अपमान को रोकने वाला बिल संसद से पास, लोकसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित

Parliament Session Live : संसद के मानसून सत्र में हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा है. सदन में हंगामा गुरुवार (30 जुलाई) को भी जारी है. दिनभर की हर अपडेट जानने के लिए हमारे साथ बने रहें.

5:06 PM. 30 Jul 26 5:06 PM. 30 Jul

TMC सांसद सागरिका घोष ने कहा- छात्रों से माफी मांगे अमित शाह

NEET प्रदर्शनकारियों पर की गई कार्रवाई को लेकर TMC सांसद सागरिका घोष ने कहा, "मेरी मांग है कि गृह मंत्री अमित शाह सदन में आएं, बयान दें और छात्रों से माफी मांगें; वे अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते." राज्यसभा में TMC सांसद सागरिका घोष ने कहा, "लोकतंत्र 'मन की बात' नहीं, बल्कि 'जनता की बात' है. शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शनों को आपराधिक मानना ​​बंद करें और अपने हथियार हटा लें."

4:24 PM. 30 Jul 26 4:24 PM. 30 Jul

शत्रुघ्न सिन्हा का दावा संसद में राहुल गांधी को बोलने से रोका गया

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, "राहुल गांधी को बोलने से रोका गया. अगर प्रधानमंत्री या गृह मंत्री बोल रहे होते, तो क्या आप उन्हें बीच में ही रोक देते? इससे लोगों को लगता है कि ऊंचे पदों पर बैठे लोगों और सत्ताधारी पार्टी के हमारे दोस्तों के बीच कोई मिलीभगत है। ऐसा नहीं होना चाहिए. सफेद कपड़े पहने लोग लाठियां चला रहे थे; पुलिस वहां मौजूद थी और उनके साथ ये सफेद कपड़े पहने लोग भी थे. दोषियों पर लगाम लगनी चाहिए और उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए ताकि वे कानून की आड़ में या अपने वरिष्ठ अधिकारियों के संरक्षण में ऐसी हरकतें न करें. राहुल गांधी इसी मुद्दे को उठा रहे थे. क्या उन्होंने कुछ गलत कहा? बिहार में तो उन्होंने AK-47 का भी इस्तेमाल किया था. किसी ने तो कहा ही होगा, 'बस हालात को जैसे भी हो काबू में करो; जो जरूरी हो वो करो; हम तुम्हारे साथ हैं.' मुझे नहीं लगता कि इस देश में कोई भी पुलिस अधिकारी, SDM या DM ऐसा कदम अपनी मर्जी से उठाएगा. बिना ऊपर से, जैसे गृह मंत्रालय से, आदेश मिले. अगर आप यह कह रहे थे कि गृह मंत्री इसमें शामिल थे, तो आप बस इतना कह सकते थे."

4:08 PM. 30 Jul 26 4:08 PM. 30 Jul

वंदे मातरम् बिल लोकसभा से भी पास

वंदे मातरम् बिल राज्यसभा से पास होने के बाद अब लोकसभा से भी पारित हो गया है. अब इस बिल को मंजूरी के लिए राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा. राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' के अपमान को रोकने वाला विधेयक पारित होने के बाद लोकसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई.

3:36 PM. 30 Jul 26 3:36 PM. 30 Jul

खरगे ने कहा- छात्रों पर बल प्रयोग के लिए शाह जिम्मेदार, दरवाजों के पीछे नहीं छिप सकते

एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "छात्रों पर बल प्रयोग के लिए गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार, बंद दरवाजों के पीछे नहीं छिप सकते."

3:35 PM. 30 Jul 26 3:35 PM. 30 Jul

खरगे ने कहा- छात्रों पर बल प्रयोग के लिए अमित शाह जिम्मेदार

एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "छात्रों पर बल प्रयोग के लिए गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार, बंद दरवाजों के पीछे नहीं छिप सकते."

3:33 PM. 30 Jul 26 3:33 PM. 30 Jul

खरगे ने कहा, छात्र पीएम मोदी और गृह मंत्री को फिर सिखाएंगे सबक

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर मौन हैं; यदि वे नहीं बोले तो छात्र उन्हें एक बार फिर सबक सिखाएंगे.

3:26 PM. 30 Jul 26 3:26 PM. 30 Jul

UPA के अधूरे काम और अधूरे एजेंडे को NDA सरकार पूरा कर रही है : जितेंद्र सिंह

एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, यूपीए के अधूरे काम और अधूरे एजेंडे को एनडीए सरकार पूरा कर रही है. उन्होंने कहा, "इस देश में हमारे पास चार मुख्य भर्ती एजेंसियां ​​हैं - UPSC, कर्मचारी चयन आयोग (SSC), रेलवे भर्ती बोर्ड और बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (IBPS). उच्च शिक्षा में दाखिले के लिए अब हमारे पास नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) है. विडंबना यह है कि एक राष्ट्रीय एजेंसी बनाने का सुझाव पहली बार 1992 में ही आया था. तब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी. कई कमेटियां बनाई गईं और 2010 में UPA सरकार के दौरान भी, उनकी बनाई एक कमेटी ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी बनाने का बहुत मजबूत सुझाव दिया था. मुझे यकीन है कि वे प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करेंगे और उनका शुक्रिया अदा करेंगे."

3:14 PM. 30 Jul 26 3:14 PM. 30 Jul

एंटी पेपर लीक बिल पर खरगे ने सरकार को घेरा, कहा- इससे कुछ नहीं होगा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "पेपर लीक की वजह से कितने बेगुनाह लोगों को नुकसान हुआ, कितने लोगों की पिटाई हुई, कितने माता-पिता परेशान हुए, कितनी महिलाएं और बच्चे परेशान हुए. आपने चर्चा के लिए आए 'पब्लिक एग्जामिनेशन अमेंडमेंट बिल 2026' में सिर्फ आंकड़े बदले हैं. इस बिल में बस आंकड़े ही बदलते रहे. इससे कुछ नहीं होने वाला. आपने ज्यादा जुर्माना, कड़ी सजा, स्पेशल टास्क फोर्स, फास्ट ट्रैक कोर्ट जैसे प्रावधान शामिल किए हैं. इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा. फर्क इस बात से पड़ेगा कि आप यह परीक्षा कैसे आयोजित करते हैं और बिना पेपर लीक के कैसे तैयारी करते हैं, यह उस पर निर्भर करता है... ऐसा कड़ा कानून लाने की मांग हमने 2024 में ही की थी. लेकिन तब आपने हमारी बात नहीं मानी. और आपने अपने भाषण में कहा कि आप लोग सहमत नहीं थे. लेकिन हम बार-बार आपसे यह कड़ा कानून बनाने के लिए कहते रहे. पर आपने ऐसा नहीं किया. जो काम आप दो साल बाद कर रहे हैं, उसे आपने 2024 में ही क्यों नहीं किया?"

3:10 PM. 30 Jul 26 3:10 PM. 30 Jul

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने राज्यसभा में बताया, क्यों एंटी पेपर लीक बिल लाया गया

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, "हाल की घटनाओं के बाद, प्रधानमंत्री मोदी ने तुरंत यह साफ कर दिया कि किसी को भी बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा. पेपर लीक के मामलों में 'जीरो टॉलरेंस' (सख्त रवैये) का संकल्प भी जताया. इसीलिए, यह कानून लाया जा रहा है, जिसका मकसद 2024 के एक्ट में बदलाव करके उसे और ज्यादा सख्त और असरदार बनाना है. पेपर लीक एक ऐसी बुरी समस्या है जिसका सामना देश को करना पड़ रहा है और देश के अलग-अलग हिस्सों से ऐसी खबरें आती रही हैं, चाहे सत्ता में कोई भी पार्टी हो."

3:06 PM. 30 Jul 26 3:06 PM. 30 Jul

अब वंदे मातरम का अपमान पड़ेगा भारी, लोकसभा में बिल पेश करेंगे गृह मंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026 को पेश करेंगे. शाह यह प्रस्ताव रखेंगे कि राज्यसभा से पारित 'राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम, 1971' में और संशोधन करने वाले विधेयक पर विचार किया जाए. साथ ही, वे यह प्रस्ताव भी रखेंगे कि विधेयक को पारित किया जाए.

2:19 PM. 30 Jul 26 2:19 PM. 30 Jul

राज्यसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर 7 घंटे होगी चर्चा

राज्यसभा में एंटी पेपर लीक बिल चर्चा के लिए पेश कर दिया गया है. बिल पर करीब 7 घंटे चर्चा होगी. बिल पर कांग्रेस की ओर से नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और मुकुल वासनिक बोलेंगे.

2:11 PM. 30 Jul 26 2:11 PM. 30 Jul

राज्यसभा में एंटी पेपर लीक बिल विचार और पारित करने की प्रक्रिया शुरू

राज्यसभा में 'सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026' पर विचार और उसे पारित करने की प्रक्रिया शुरू की गई.

1:44 PM. 30 Jul 26 1:44 PM. 30 Jul

अमित शाह का संसद नहीं आना अपराधबोध दिखाता है: राहुल गांधी

एक्स पर राहुल गांधी ने अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि आखिर गृह मंत्री संसद में आकर छात्रों पर हुई कथित हिंसा के बारे में जवाब देने से क्यों डर रहे हैं. उन्होंने कहा कि अमित शाह का संसद में नहीं आना उनके अपराधबोध (दोषी महसूस करना) को दिखाता है.

1:29 PM. 30 Jul 26 1:29 PM. 30 Jul

पीएम मोदी के संसद कार्यालय में हाईलेवल बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसद स्थित कार्यालय में गुरुवार को एक हाईलेवल बैठक हुई. इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत कई केंद्रीय मंत्री शामिल हुए. बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल भी मौजूद रहे. हालांकि, बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

12:35 PM. 30 Jul 26 12:35 PM. 30 Jul

छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर राज्यसभा में हंगामा

NEET पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर गुरुवार को राज्यसभा में जोरदार हंगामा हुआ. विपक्षी सांसदों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सदन में आकर बयान देने की मांग की. लेकिन सभापति ने यह मांग स्वीकार नहीं की. इसके बाद कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के सांसदों ने नारेबाजी की और विरोध जताते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया. कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि संविधान के अनुसार मंत्रिपरिषद संसद के प्रति जवाबदेह है, इसलिए गृह मंत्री को इस मामले में जवाब देना चाहिए.

11:47 AM. 30 Jul 26 11:47 AM. 30 Jul

विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं, इसलिए संसद नहीं चलने दे रहा: जेपी नड्डा

राज्यसभा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद सत्र शुरू होने के बाद से विपक्ष का पूरा ध्यान सदन की कार्यवाही बाधित करने पर है. उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह बार-बार अपना रुख बदलता रहता है. नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए हमेशा तैयार रही है और आज भी तैयार है. उन्होंने कहा कि दोपहर 2 बजे जितेंद्र सिंह चर्चा शुरू करेंगे और एक विधेयक पर भी बहस होनी है, लेकिन विपक्ष फिर भी हंगामा कर रहा है.

11:26 AM. 30 Jul 26 11:26 AM. 30 Jul

आरएसएस इतिहास नहीं बदल सकता : प्रियंका गांधी

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरएसएस और सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चाहे वर्दी बदल लें या शिक्षा नीति के जरिए इतिहास बदलने की कोशिश करें, इससे सच नहीं बदलेगा. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर युवाओं की आवाज पूरे देश की आवाज है. आजादी की लड़ाई सत्य और अहिंसा के आधार पर लड़ी गई थी और उसमें आरएसएस कहीं नहीं था. प्रियंका ने कहा कि देश की आत्मा में सत्य, अहिंसा और भाईचारा है, जिसे कोई भी, यहां तक कि आरएसएस भी नहीं बदल सकता.

11:23 AM. 30 Jul 26 11:23 AM. 30 Jul

राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी बौखला गई: सुखदेव भगत

कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान का बचाव करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने बीजेपी और सरकार की दुखती रग पर हाथ रख दिया है, इसलिए पूरी बीजेपी बौखलाई हुई है.

11:21 AM. 30 Jul 26 11:21 AM. 30 Jul

एंटी पेपर लीक बिल पर TMC का हमला, कीर्ति आजाद बोले- सजा बढ़ाने से नहीं रुकेंगे पेपर लीक

एंटी पेपर लीक बिल 2026 पर चर्चा के दौरान तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद कीर्ति आजाद ने सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि सरकार यह गारंटी नहीं दे रही कि आगे पेपर लीक नहीं होंगे. केवल जुर्माना 1 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करना और सजा की अवधि बढ़ा देना समाधान नहीं है. उन्होंने कहा कि पेपर लीक रोकने के लिए जिम्मेदार लोगों को हटाया जाना चाहिए. कीर्ति आजाद ने राम मंदिर चंदा, वोट और पेपर लीक का जिक्र करते हुए सरकार पर भ्रष्टाचार और चोरी के गंभीर आरोप भी लगाए.

11:11 AM. 30 Jul 26 11:11 AM. 30 Jul

विपक्ष के हंगामे से लोकसभा की कार्यवाही बाधित

कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के सांसदों के हंगामे के कारण गुरुवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद बाधित हो गई. विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध जताने लगे. लगातार शोर-शराबे के बीच सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी. इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ने बैठक को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया.

10:53 AM. 30 Jul 26 10:53 AM. 30 Jul

राम मंदिर चंदा चोरी के आरोप पर चर्चा की मांग

कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने राज्यसभा में कथित राम मंदिर चंदा चोरी के मामले पर तत्काल चर्चा कराने की मांग की है. उन्होंने इस मुद्दे को उठाने के लिए सदन में नोटिस दिया है. सुरजेवाला ने आरोपों पर बहस की मांग करते हुए सरकार से इस मामले में जवाब देने की मांग की है.

10:47 AM. 30 Jul 26 10:47 AM. 30 Jul

CJP प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

20 जुलाई को CJP प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन में प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई कांग्रेस नेता शामिल हुए। सांसदों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारे लगाए और प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई को लेकर सरकार से जवाब मांगा.

10:46 AM. 30 Jul 26 10:46 AM. 30 Jul

अमित शाह को सदन में आना चाहिए : प्रियंका गांधी

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा से जब पूछा गया कि क्या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को आज सदन में आना चाहिए, तो उन्होंने कहा, "हां, उन्हें आना चाहिए." प्रियंका गांधी ने यह बात संसद में चल रहे मुद्दों को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कही.

9:50 AM. 30 Jul 26 9:50 AM. 30 Jul

मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर क्या लिखा?

कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर लिखा कि युवाओं और छात्रों पर पेलेट गन से गोली चलाई गई. खरगे ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई या तो गृह मंत्री अमित शाह की मंजूरी से हुई या फिर बिना शीर्ष स्तर के निर्देश के हुई. उन्होंने कहा कि दोनों ही स्थिति में गृह मंत्री या प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी तय होती है. खरगे ने भाजपा पर युवाओं पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया.

9:39 AM. 30 Jul 26 9:39 AM. 30 Jul

राज्यसभा में आज पेश होगा एंटी पेपर लीक बिल 2026

पेपर लीक पर रोक लगाने वाले एंटी पेपर लीक बिल 2026 को आज राज्यसभा में पेश किया जाएगा. इससे पहले बुधवार (29 जुलाई) को यह बिल लोकसभा में ध्वनिमत से पारित हो चुका है. सरकार का कहना है कि इस कानून से परीक्षाओं में होने वाली गड़बड़ियों पर सख्त कार्रवाई की जा सकेगी और दोषियों के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएंगे.

9:39 AM. 30 Jul 26 9:39 AM. 30 Jul

Parliament Session Live : वंदे मातरम के अपमान को रोकने वाला बिल संसद से पास, लोकसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में दलबदल कानून के मुद्दे पर चर्चा कराने के लिए स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है. उन्होंने मांग की है कि प्रश्नकाल, शून्यकाल और दिन के तय कामकाज को रोककर इस विषय पर बहस कराई जाए. तिवारी ने कहा कि बड़े पैमाने पर राजनीतिक दल-बदल हो रहे हैं, जो अवसरवाद से प्रेरित हैं. उन्होंने सरकार से इस मुद्दे को तत्काल जनहित का मामला बताते हुए चर्चा कराने की मांग की.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार प्रभात खबर डिजिटल में Sr. Content writer हैं. पिछले 15 साल से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं.

अमिताभ 1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है.

प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है. 📩 संपर्क : amitabh.kumar@prabhatkhabar.in

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >