Parliament Session : सुप्रीम कोर्ट जजों की संख्या बढ़ाने वाला बिल दोनों सदनों से हुआ पारित, अब 6 अगस्त सुबह 11 बजे होगी अगली बैठक

संसद का लाइव अपडेट (File Photo)
Parliament Live Updates: संसद के मानसून सत्र में लगातार जारी गतिरोध के बीच सरकार और विपक्ष के बीच बातचीत की पहल तेज हो गई है. इसी कड़ी में बुधवार को (5 अगस्त) केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की. संसद के हर अपडेट के लिए बने रहें हमारे साथ.
राज्यसभा से सुप्रीम कोर्ट जजों की संख्या बढ़ाने वाला विधेयक पास
राज्यसभा ने सुप्रीम कोर्ट (नंबर ऑफ जजेज) संशोधन विधेयक, 2026 को पारित कर दिया है. इस विधेयक का उद्देश्य सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या 34 से बढ़ाकर 38 करने की है. जिससे लंबित मामलों के तेजी से निपटारे और न्यायिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सके.
लोकसभा पूरे दिन के लिए स्थगित
लगातार हंगामे और गतिरोध के कारण बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही पूरे दिन नहीं चल सकी. इसके बाद अध्यक्ष ने सदन की बैठक स्थगित करते हुए अगली कार्यवाही 6 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे तक के लिए टाल दी.
राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित
राम मंदिर चढ़ावा चोरी और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों ने बुधवार को राज्यसभा में जोरदार हंगामा किया. लगातार नारेबाजी और विरोध के चलते सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी. एक बार स्थगन के बाद भी हंगामा जारी रहने पर राज्यसभा की बैठक दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
राहुल गांधी से किस मुद्दे पर मिले किरण रिजिजू
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान परिसीमन (डिलिमिटेशन) विधेयक पर चर्चा की. बैठक में रिजिजू ने इस मुद्दे पर कांग्रेस का रुख जानने की कोशिश की. संसद परिसर में हुई इस मुलाकात को संसद में जारी गतिरोध के बीच सरकार और विपक्ष के बीच संवाद की अहम पहल माना जा रहा है.
राज्यसभा में हंगामा
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोप और नीट प्रश्नपत्र लीक को लेकर प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों ने बुधवार को राज्यसभा में जोरदार हंगामा किया. सदन में लगातार नारेबाजी और विरोध के बीच कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी. हंगामा बढ़ने पर सभापति ने राज्यसभा की बैठक दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.
लोकसभा में जोरदार हंगामा
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोप और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह से बयान की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों ने बुधवार को लोकसभा में जोरदार हंगामा किया. सदन की कार्यवाही शुरू होने के महज एक मिनट के भीतर ही शोर-शराबा बढ़ गया, जिसके बाद अध्यक्ष ने लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.
राहुल गांधी से मिलने पहुंचे किरेन रिजिजू
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू संसद में जारी गतिरोध खत्म करने की कोशिशों के तहत लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर रहे हैं. संसद परिसर स्थित नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय में चल रही इस बैठक में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी मौजूद हैं. माना जा रहा है कि संसद की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने और गतिरोध समाप्त करने के लिए दोनों पक्षों के बीच अहम मुद्दों पर चर्चा हो रही है.
संसद के मकर द्वार पर विपक्ष का प्रदर्शन
राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी समेत विपक्षी सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया. उन्होंने 20 जुलाई को CJP प्रदर्शनकारियों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई, अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा में कथित गड़बड़ी और अन्य मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा. विपक्षी नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इन मामलों पर जवाब देने की मांग की.
इमरान प्रतापगढ़ी ने सरकार को घेरा
कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि विपक्ष छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है. उन्होंने मांग की कि केंद्रीय गृह मंत्री संसद में आकर बताएं कि छात्रों पर लाठीचार्ज, हथियार और पेलेट गन का इस्तेमाल क्यों किया गया. उन्होंने सिवान में गोली लगने से तीन बच्चों के घायल होने का भी जिक्र किया. प्रतापगढ़ी ने जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने और अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा के कथित दुरुपयोग के मामले में भी सरकार से जवाब मांगा.
RJD सांसद मनोज झा का केंद्र पर हमला
राज्यसभा सांसद मनोज झा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री ने सदन में जो वादा किया था, उसका क्या हुआ? उन्होंने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ न्याय नहीं हो रहा है. मनोज झा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर सिर्फ जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि वहां करोड़ों लोग रहते हैं और उनके लोकतांत्रिक अधिकार छीने जा रहे हैं.
राहुल-प्रियंका समेत विपक्ष का संसद परिसर में मार्च
संसद के मानसून सत्र के दौरान राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी समेत विपक्षी सांसदों ने प्रेरणा स्थल स्थित गांधी प्रतिमा से मकर द्वार तक मार्च निकाला. उन्होंने 20 जुलाई को CJP प्रदर्शनकारियों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई, अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा में कथित गड़बड़ी और अन्य मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. विपक्ष ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इन मामलों में जिम्मेदार ठहराते हुए उनके इस्तीफे की भी मांग की.
जंतर-मंतर छात्र प्रदर्शन पर कार्रवाई मामले पर हो सकता है हंगामा
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देकर 20 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई पर चर्चा की मांग की है. उन्होंने इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सदन में विस्तृत बयान देने की भी मांग की है.
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में दिया स्थगन प्रस्ताव नोटिस
संसद के मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है. उन्होंने अवसरवाद से प्रेरित बड़े पैमाने पर होने वाले राजनीतिक दल-बदल पर रोक लगाने के लिए नए दल-बदल कानून पर चर्चा की मांग की है.
Parliament Session : सुप्रीम कोर्ट जजों की संख्या बढ़ाने वाला बिल दोनों सदनों से हुआ पारित, अब 6 अगस्त सुबह 11 बजे होगी अगली बैठक
E20 पेट्रोल को अनिवार्य रूप से लागू किए जाने के खिलाफ बढ़ते जनविरोध के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने नियम 267 के तहत नोटिस दिया है. उन्होंने इस मुद्दे पर राज्यसभा में चर्चा कराने की मांग करते हुए कहा कि E20 पेट्रोल से उपभोक्ताओं के अधिकार और आम लोगों की चिंताओं से जुड़े गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.