ओडिशा के मयूरभंज जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बारीपदा के पास करीब 50 मीटर लंबा रेलवे ट्रैक धंस गया, जिसके बाद इस मार्ग पर ट्रेन सेवाओं को निलंबित कर दिया गया. ट्रैक को ठीक करने के लिए रेलवे की टीम मौके पर पहुंचकर काम में जुट गई है.
बारीपदा के आपातकालीन सब-कलेक्टर तापस कुमार महंता ने बताया कि प्रशासन को रेलवे ट्रैक के धंसने की सूचना मिली थी. इसके बाद संबंधित कर्मियों को मौके पर भेजा गया. टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है.
लगातार भारी बारिश के चलते धंसा रेलवे ट्रैक
तापस कुमार महंता ने बताया कि 12 अगस्त से बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया था. 13 अगस्त को इलाके में भारी बारिश हुई और इसके बाद कल (16 अगस्त) भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया था. लगातार बारिश के कारण रेलवे ट्रैक प्रभावित हुआ.
सुरक्षा कारणों से ट्रेन सेवाओं को रोका गया
सब-कलेक्टर ने बताया कि स्थिति पर नजर रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भी मौके पर तैनात किया गया है. फिलहाल ट्रैक की मरम्मत का काम जारी है और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन सेवाओं को रोक दिया गया है.
