Video : महज 35 साल के मोहम्मद इरफान ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं. फिर भी वह Google के वॉइस सर्च का इस्तेमाल करके संविधान, लोकतंत्र और मजदूरों के अधिकारों के बारे में जानकारी हासिल करते हैं. दिल्ली की एक झुग्गी में रहने वाले इरफान की सोच और समझ ने लोगों का ध्यान खींचा है और अब उनकी चर्चा हर तरफ हो रही है. खुद कांग्रेस नेता राहुल गांधी उनसे मिलने पहुंचे.
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात का वीडियो शेयर किया. वीडियो शेयर करते हुए कांग्रेस ने लिखा- मोहम्मद इरफान जैसे लाखों युवा ही देश की असली उम्मीद हैं- जिज्ञासु, संवेदनशील और अपने अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति सजग. वीडियो में राहुल गांधी इरफान से बात करते नजर आ रहे हैं. इरफान के आसपास रहने वाले सैकड़ों लोगों ने राहुल के पहुंचने के बाद इलाके में उनका स्वागत किया.
एक अन्य पोस्ट में कांग्रेस ने एक्स पर लिखा- नेता विपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली के रहने वाले मोहम्मद इरफान से मुलाकात की. बड़ी ही साफगोई और ईमानदारी से युवाओं का दर्द और उम्मीदें सामने रखने वाले इरफ़ान में आपको हर वो नौजवान दिखेगा, जो इस सरकार से नाउम्मीद हो चुका है. हमारा इरफान जैसे हर एक युवा से वादा है- हम साथ मिलकर ऐसा हिंदुस्तान बनाएंगे, जहां मोहब्बत, भाईचारा, सम्मान, समानता और अवसर की कोई कमी नहीं होगी.
ये भी पढ़ें: CJP मार्च विवाद : राहुल गांधी का अमित शाह से सवाल- छात्रों को मारने का आदेश किसने दिया?
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, सबसे हैरानी की बात यह थी कि 35 वर्षीय मोहम्मद इरफान कभी स्कूल नहीं गए. दिल्ली की एक झुग्गी में रहने वाले इरफान फेरी लगाकर अपना गुजारा करते हैं. उन्होंने संविधान, लोकतंत्र और मजदूरों के अधिकारों की जानकारी Google के वॉइस सर्च के जरिए हासिल की. इतना ही नहीं, बातचीत के दौरान उन्होंने शहीद भगत सिंह की कविताओं की पंक्तियां भी सुनाईं, जिसे सुनकर लोग उनकी समझ और जानकारी के कायल हो गए.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP (Cockroach Janta Party) का धरना हुआ था. यह आंदोलन अभिजीत दिपके के नेतृत्व में शुरू हुआ. इसी में मोहम्मद इरफान पहुंचा और एक इंटरव्यू के बाद वायरल हो गया.
