जोधपुर में भजन क्लबिंग की नई पहल, Naad Rush से भक्ति को मिलेगा आधुनिक अंदाज

Naad Rush: जोधपुर में Naad Rush नाम से एक नया म्यूजिकल बैंड शुरू हुआ है, जो भजन क्लबिंग की अवधारणा को बढ़ावा देगा. इसका उद्देश्य पारंपरिक भजनों को आधुनिक संगीत और लाइव बीट्स के साथ जोड़कर युवाओं तक पहुंचाना है.

Naad Rush: सांस्कृतिक नगरी जोधपुर में एक नई और अनोखी पहल की शुरुआत होने जा रही है. पहली बार शहर में भजन क्लबिंग की अवधारणा को प्रस्तुत करते हुए Naad Rush नाम का म्यूजिकल बैंड का गठन किया गया है. इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक भजनों को आधुनिक संगीत के साथ जोड़कर युवाओं तक पहुंचाना है.

इस पहल के संस्थापक निर्मल गहलोत के अनुसार- आज की युवा पीढ़ी ऊर्जावान संगीत और नए अनुभवों की ओर आकर्षित होती है. इसी को ध्यान में रखते हुए Naad Rush की शुरुआत की गई है, जहां भजनों को केवल सुना ही नहीं जाएगा, बल्कि उन्हें एक अलग अंदाज में महसूस भी किया जा सकेगा. उन्होंने बताया कि इस मंच के जरिए भक्ति को एक उत्सव के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा.

बैंड में युवा गायक यश शर्मा और देवयानी मुथा लीड सिंगर्स के रूप में अपनी आवाज़ देंगे. इनके साथ एक मजबूत म्यूज़िकल टीम भी जुड़ी हुई है, जिसमें कीबोर्ड पर माधव, गिटार पर अंकित, तबले पर आदित्य और विक्रम, ड्रम्स पर महेश तथा बांसुरी पर दीपक और अभिनव शामिल हैं.

भजन क्लबिंग एक नया ट्रेंड है, जिसमें पारंपरिक भजनों को आधुनिक म्यूज़िक, लाइव इंस्ट्रूमेंट्स और हाई-एनर्जी बीट्स के साथ प्रस्तुत किया जाता है. इसका उद्देश्य हर आयु वर्ग, खासकर युवाओं को भक्ति और आध्यात्मिकता से जोड़ना है.

Divine Vibes, Endless Celebrations टैगलाइन के साथ Naad Rush भक्ति को एक नए आयाम में ले जाने का प्रयास कर रहा है. इसे जोधपुर में एक नई सांस्कृतिक शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है और आने वाले समय में इसके देशभर में पहचान बनाने की उम्मीद जताई जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >