MP : आरोपियों ने युवक की हत्या करने के साथ-साथ उसकी मां को भी किया निर्वस्त्र, मृतक की बहन ने किया ये दावा

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष के के मिश्रा ने दावा किया कि पुलिस राज्य के नगरीय विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह के राजनीतिक दबाव के कारण कार्रवाई नहीं कर रही है, जो खुरई विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और यह घटना वहीं हुई. जानें मृतक की बहन ने क्या किया दावा

मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक ऐसी खबर आयी जिसके बाद राजनीति गरमा गई है. कांग्रेस लगातार प्रदेश की शिवराज सरकार पर हमलावर है. मामले में ताजा अपडेट सामने आया है. दरअसल, कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किये गए दलित युवक की बहन ने सोमवार को दावा किया कि घटना के दौरान आरोपियों ने उसकी मां को भी निर्वस्त्र कर दिया था. उसके कहा है कि पुलिस ने इस संबंध में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है. मृतक की बहन के द्वारा लगाए गये आरोप पर जब एक पुलिस अधिकारी से सवाल किया गया तो उसने कहा कि युवक की मौत के बाद उसके परिवार की शिकायत पर दर्ज की गई प्राथमिकी में इसका कोई जिक्र नहीं है.

इस बीच कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उस दलित युवक के परिवार से मुलाकात की, जिसकी पिछले गुरुवार को पुरानी रंजिश के चलते लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. बातचीत के दौरान मृतका की बहन ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान आरोपियों ने उसकी मां को भी निर्वस्त्र कर दिया था, लेकिन इस संबंध में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की और अब पुलिस मामले पर झूठ बोल रही है कि इस बारे में पुलिस को तब बताया नहीं गया था.

कांग्रेस शिवराज सरकार पर हमलावर

मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष के के मिश्रा की प्रतिक्रिया मामले पर आई है. उन्होंने कहा है कि कि कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सी पी मित्तल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उस दौरान परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले में निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रही है. मिश्रा ने दावा किया कि पुलिस राज्य के नगरीय विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह के राजनीतिक दबाव के कारण कार्रवाई नहीं कर रही है, जो खुरई विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और यह घटना वहीं हुई.

Also Read: बीजेपी की मध्य प्रदेश से विदाई निश्चित! सागर में दलित की हत्या के बाद गुस्से में कांग्रेस

के के मिश्रा ने आरोप लगाया कि युवक की हत्या करने वाले आरोपियों ने मृतक की मां को भी निर्वस्त्र कर दिया. इस बारे में पूछे जाने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एस उइके ने कहा कि प्राथमिकी में इसका कोई उल्लेख नहीं है. इससे पहले मामले पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का बयान सामने आया था. सागर में एक दलित व्यक्ति की कथित हत्या को लेकर बीजेपी पर निशाना साधते हुए खरगे ने रविवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल ने राज्य को दलितों पर अत्याचार की ‘‘प्रयोगशाला’’ बना दिया है. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य की सत्ता में नहीं लौट पाएगी क्योंकि लोग समाज के वंचित एवं शोषित वर्गों के खिलाफ अत्याचार का उसे जवाब देंगे.

कितने लोगों पर किया गया केस दर्ज

यहां चर्चा कर दें कि मध्य प्रदेश में सागर जिले के खुरई थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश की वजह से दलित युवक नितिन अहिरवार (18) की कुछ लोगों ने गुरुवार को कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी थी. वह सागर जिले के बरोदिया नैनागिर गांव का निवासी था. इस मामले में कुल 13 आरोपी हैं जिनमें नौ नामजद हैं. इनमें से आठ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उनके खिलाफ भादंसं की धारा 302 (हत्या) एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.

भाषा इनपुट के साथ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >