Monsoon Tracker : मानसून पड़ा धीमा, जानें कब से बढ़ेगा आगे और होगी झमाझम बारिश

Monsoon Tracker : शानदार शुरुआत के बाद 29 मई से मानसून की रफ्तार थमी हुई. हालांकि, अब मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि करीब एक सप्ताह बाद मानसून दोबारा सक्रिय हो सकता है और देश के विभिन्न हिस्सों में फिर से बारिश शुरू हो सकती है.

Monsoon Tracker : केरल में समय से पहले 24 मई को पहुंचा दक्षिण पश्चिम मानसून फिलहाल धीमा पड़ता नजर आ रहा है, लेकिन इसके फिर से एक्टिव होने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून अब 12 जून के बाद आगे बढ़ सकता है. सामान्यतः यह 1 जून को केरल पहुंचता है, लेकिन इस बार 8 दिन पहले ही दस्तक दे चुका है जिससे दक्षिण के राज्यों में बारिश देखने को मिली. 29 मई से मानसून की रफ्तार थमी हुई, हालांकि इसकी शुरुआत शानदार रही थी. टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, मौसम विभाग (IMD ) के अधिकारी ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में 12-13 जून को एक मौसम प्रणाली विकसित हो सकती है. हालांकि, अलग-अलग आउटपुट मॉडल्स के कारण स्थिति को लेकर फिलहाल अनिश्चितता बनी हुई है.

12 से 18 जून के बीच आगे बढ़ सकता है मानसून

IMD अधिकारी ने कहा कि कुछ मॉडल सिस्टम बनने की संभावना दिखा रहे हैं, जबकि कुछ नहीं…, इसलिए हम अभी आश्वस्त नहीं हैं और इसे पूर्वानुमान में शामिल नहीं किया गया. हालांकि, अनुमान है कि मॉनसून 12 से 18 जून के बीच मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है. पूर्वानुमानों से संकेत मिल रहे हैं कि 12 से 18 जून के बीच मानसून दोबारा रफ्तार पकड़ सकता है. इस दौरान मध्य भारत, महाराष्ट्र और दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है. IMD अधिकारी के अनुसार, मानसून की आगे की प्रगति बारिश और मॉनसूनी हवाओं की स्थिरता पर निर्भर करेगी.

बंगाल की खाड़ी में 10 जून तक बन सकता है एक चक्रवाती सिस्टम

मौसम के जानकारों का कहना है कि 12 से 18 जून के बीच दक्षिण भारत में सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है, जबकि मध्य भारत में सामान्य या थोड़ी ज्यादा बारिश देखने को मिल सकती है. उत्तर-पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में बारिश कम हो सकती है. वहीं, स्काईमेट वेदर एजेंसी ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में 10 जून तक एक चक्रवाती सिस्टम बन सकता है, जिसे मजबूत होने में 48 घंटे और लगेंगे. स्काईमेट के अध्यक्ष जीपी शर्मा के मुताबिक, यह सिस्टम 11 जून से तटीय इलाकों में मौसम को सक्रिय कर सकता है. स्काईमेट ने 12 से 17 जून के बीच मानसून के दोबारा तेज होने का अनुमान जताया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >