Monsoon Rain Alert: महाराष्ट्र में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और कई जिलों में लगातार भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है. सबसे अधिक असर मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में देखने को मिल रहा है, जहां सड़कों पर जलभराव, नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. लगातार मूसलाधार बारिश को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक अत्यधिक भारी बारिश के साथ 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण IMD ने पहले जारी ऑरेंज अलर्ट को रेड अलर्ट में तब्दील कर दिया है.
भारी बारिश और तेज हवा के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त, रेल और सड़क यातायात पर असर
लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण मुंबई और आसपास के जिलों में लोगों को कई तरह की मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है. कई इलाकों में जलभराव होने से सड़क यातायात धीमा पड़ गया, जबकि मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भूस्खलन के कारण लंबी दूरी की कई ट्रेन सेवाएं बाधित हो गईं. कर्जत-लोनावला के भोर घाट सेक्शन में भूस्खलन के बाद रेल परिचालन रोकना पड़ा. मध्य रेलवे ने रायगढ़ जिले में कर्जत और खोपोली के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी. भारी बारिश के कारण लौजी और डोलवली स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक के नीचे की गिट्टी बह गई, जिससे ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा. हालांकि मरम्मत का कार्य तेजी से जारी है.
मुंबई-पुणे हाईवे पर जाम, यात्रियों के लिए गाइडलाइन जारी
पालघर जिले में वसई रोड और विरार स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर जलभराव होने से पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेनें 15 से 20 मिनट की देरी से चल रही हैं. कई स्थानों पर पटरियां पानी में डूबने के कारण ट्रेनों की रफ्तार कम करनी पड़ी है. वहीं सड़क यातायात का भी बुरा हाल है. भूस्खलन और कई स्थानों पर जलभराव के चलते मुंबई-पुणे कॉरिडोर पर सड़क यातायात प्रभावित हुआ है. कई जगह लंबा जाम लग गया है और वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई है. प्रशासन ने लोगों से बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करने की अपील की है.
स्कूल-कॉलेज बंद
भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने एहतियातन मुंबई के सभी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है. हालांकि सरकारी कार्यालय, निजी प्रतिष्ठान और जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं, लेकिन कर्मचारियों को यात्रा में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. कई दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम दिया गया है.
जलभराव, बाढ़ और ऊंची लहरों का खतरा
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि अत्यधिक भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, छोटे जलाशयों में बाढ़ जैसी स्थिति और नदियों के जलस्तर में अचानक इजाफा हो सकता है. कई सड़कें और पुल पानी में डूब सकते हैं. मौसम विभाग ने पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और नागरिक सेवाओं पर असर पड़ने की भी आशंका जताई है. कोंकण तट पर समुद्र में ऊंची लहरें उठने की संभावना के चलते सड़क, रेल, हवाई और फेरी सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं. विभाग ने लोगों को समुद्र के किनारे न जाने और बिजली गिरने के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद रखने तथा जलाशयों से दूर रहने की सलाह दी है.
24 घंटे में 105 मिमी से अधिक बारिश दर्ज
बीएमसी के अनुसार सोमवार सुबह आठ बजे तक बीते 24 घंटों में मुंबई शहर में औसतन 105.24 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. पूर्वी उपनगरों में 161.11 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 159.40 मिमी वर्षा दर्ज की गई.
चॉल हादसे में छह लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने मुआवजे का ऐलान
लगातार बारिश के बीच मुंबई के मानखुर्द स्थित मंडाला इलाके में रविवार रात एक तीन मंजिला चॉल ढह गई, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक मुंबई के कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है.
Also Read: पश्चिम बंगाल को अभी और भिगोएगा मॉनसून, कई जिलों में बारिश का अलर्ट, जानें इस सप्ताह का मौसम अपडेट
Heavy Rain Alert : महाराष्ट्र के इन इलाकों में दिखेगा बारिश का तांडव, रेड अलर्ट जारी
