केरल में क्यों हार रही है एलडीएफ? कहां हो गई सीएम विजयन से चूक

Kerala Elections Result : केरल में सोमवार (4 मई) को वोटों की गिनती शुरू होते ही तस्वीर काफी साफ नजर आने लगी. शुरुआती रुझानों में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ बढ़त बनाकर आगे चल रहा है. वहीं, माकपा के नेतृत्व वाला एलडीएफ हार की ओर बढ़ता दिख रहा है.

Kerala Elections Result : केरल में वोटों की काउंटिंग जारी है. रुझानों में यूडीएफ मजबूत बढ़त बनाकर आगे चल रहा है, जो एग्जिट पोल के अनुमान जैसा ही दिख रहा है. अब तक के रुझानों में यूडीएफ 140 में से करीब 100 सीटों पर आगे है, जबकि एलडीएफ करीब 40 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. वहीं बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए फिलहाल सिर्फ एक सीट पर आगे नजर आ रहा है. इस बीच लोगों के मन मे सवाल आ रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि पिछले विधानसभा चुनाव (साल 2021) में कमाल करने वाली एलडीएफ हार की ओर क्यों बढ़ रही है. केरल के वर्तमान मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से ऐसी क्या गलती हो गई.

एलडीएफ के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर

केरल की राजनीति करीब 40 साल तक एक तय पैटर्न पर चलती रही, जहां हर पांच साल में एलडीएफ और यूडीएफ के बीच सरकार बदलती रहती थी. 2021 में यह सिलसिला टूटा, जब मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के नेतृत्व में एलडीएफ दोबारा सत्ता में लौटा और 99 सीटें जीतीं. वहीं इस साल यूडीएफ 41 सीटों पर सिमट गया. लगातार दूसरे कार्यकाल के बाद राज्य में सरकार के खिलाफ एक स्वाभाविक सत्ता विरोधी भावना प्रबल थी.

भ्रष्टाचार और घोटालों के आरोप

विपक्ष ने विजयन सरकार पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के आरोप लगाए. इसने छवि को नुकसान पहुंचाया. साल 2024 में जांच एजेंसी ईडी ने मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की बेटी वीणा विजयन और उनकी आईटी कंपनी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत मामला दर्ज किया. मामला एक खनिज कंपनी द्वारा विजयन की फर्म को कथित अवैध भुगतान से संबंधित था.

यह भी पढ़ें : Kerala Next CM : कौन होगा केरल का नया सीएम? कांग्रेस की ओर से ये तीन नाम रेस में सबसे आगे

केरल पर आर्थिक संकट

केरल सरकार पर लगातार राजकोषीय तनाव (Fiscal Stress) बना रहा, जिससे विकास कार्यों में बाधा आई. हालांकि जब मार्च 2026 में इस संबंध में विजयन से सवाल किया गया, तो उन्होंने केरल के “कर्ज के जाल” में फंसने के दावों को खारिज कर दिया. उनका कहना था कि केंद्र सरकार के वित्तीय अवरोधों (Financial Constraints) के बावजूद केरल ने विकास और प्रगति जारी रखी है. उन्होंने कहा कि केरल में एलडीएफ के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान पिछले एक दशक में राज्य ने गंभीर वित्तीय चुनौतियों, प्राकृतिक आपदाओं और केंद्र सरकार की कथित उपेक्षा के बावजूद आर्थिक विकास हासिल किया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

डिजिटल जर्नलिज्म में 14 वर्षों से अधिक का अनुभव है. करियर की शुरुआत Prabhatkhabar.com से की. राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर अच्छी पकड़ है. राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहन लेखन का अनुभव रहा है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में विशेष रुचि है. ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग खबरों पर लगातार फोकस रहता है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >