Jammu and Kashmir : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार दोपहर आतंकियों ने एक पुलिसकर्मी पर गोलीबारी कर दी. हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, यह हमला दोपहर करीब 12:30 बजे लाल चौक इलाके में हुआ. गोली लगने से हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में थे तैनात
मृतक हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी आईआर (IR) तीसरी बटालियन में तैनात थे और बडगाम जिले के बीरवाह क्षेत्र के रहने वाले थे. वह अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे. ड्यूटी के दौरान आतंकियों ने उन्हें निशाना बनाया. घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है.
पहलगाम हमले के बाद पहली बड़ी आतंकी वारदात
पहलगाम मे 22 अप्रैल 2025 को हुए भीषण आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी. उसके बाद यह जम्मू-कश्मीर में पहली बड़ी आतंकी घटना मानी जा रही है. इस हमले ने एक बार फिर घाटी में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही हैं.
इलाके की घेराबंदी, आतंकियों की तलाश जारी
आतंकी हमले के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी. आतंकियों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों को पकड़ने के लिए सभी संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
नेताओं ने जताया दुख, आतंकवाद की निंदा
सीपीआई(एम) के वरिष्ठ नेता और कुलगाम विधायक एम. वाई. तारीगामी ने इस हमले की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक और अमानवीय घटना है, जिसने एक बहादुर पुलिसकर्मी की जान ले ली. उन्होंने शहीद जवान के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पूरे समाज को एकजुट होकर खड़ा होना होगा.
यह भी पढ़ें- महिला सांसदों से अमर्यादित व्यवहार करना पड़ा भारी: कल्याण बनर्जी पूरे मानसून सत्र के लिए निलंबित
