राहुल गांधी ने झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन पर एक्स पर एक पोस्ट डाला. जिसमें उन्होंने कहा, छात्रों की समस्या का हल केवल बातचीत के माध्यम से ही निकाला जा सकता है. इसलिए, झारखंड सरकार को प्रदर्शनकारी छात्रों की जायज मांगों को संवेदनशीलता से सुनना चाहिए और उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करना चाहिए.
"झारखंड के छात्रों के लिए मेरा संदेश साफ है. हम शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे छात्रों के खिलाफ किसी भी तरह की हिंसा की निंदा करते हैं, चाहे वह कहीं भी हो. हम इसकी निंदा करते हैं; हम इसके खिलाफ हैं; हम इसका समर्थन नहीं करते. इस मामले में हमारा रुख बिल्कुल साफ है, हमारे मन में कोई उलझन नहीं है कि शांतिपूर्ण विरोध पर हिंसा के जरिए हमला करना गलत है." - राहुल गांधी
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया; पानी की बौछारें छोड़ीं; आंसू गैस के गोले दागे
झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़े और राज्य विधानसभा तक पहुंचने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उनपर पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया, आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया.
प्रदर्शनकारियों का दावा, लाठीचार्ज में घायल हुए छात्र
कई प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि पुलिस की कार्रवाई में वे घायल हो गए. यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब प्रदर्शनकारी नए विधानसभा परिसर की ओर जाने वाले मार्ग पर जगन्नाथपुर मंदिर के पास अंतिम बैरिकेडिंग तक पहुंचे थे. पीयूष कुमार सोनी नामक एक प्रदर्शनकारी ने कहा, ''लाठीचार्ज बहुत बर्बर था. हम शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सरकार ने हम पर लाठियां बरसाईं. ये सिर्फ हमें शारीरिक चोट पहुंचा सकते हैं हमारी सोच को नहीं दबा सकते.'' उन्होंने दावा किया, ''कई छात्राओं को भी चोटें आईं. पुलिस ने हमारे सिर, हाथों, चेहरे हर जगह वार किये.'' हजारीबाग जिले से आए विक्रम कुमार ने दावा किया कि उनके सिर पर चोट आई है. उन्होंने कहा, ''हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार हमारे साथ जो कुछ भी कर रही है वह ठीक नहीं है. हम शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे फिर आपकी पुलिस हम पर लाठियां क्यों बरसा रही थी.''
ये भी पढ़ें: JPSC परीक्षा विवाद में बड़ी कार्रवाई, पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते गिरफ्तार
ये भी पढ़ें: JPSC Assembly Protest: झारखंड विधानसभा गेट के बार जमे छात्र, मंत्री दीपिका बोलीं- 'सरकार सभी मांगों पर गंभीर'
ये भी पढ़ें: खेत के रास्ते झारखंड विधानसभा पहुंचे आंदोलनकारी छात्र, माहौल तनावपूर्ण
