झारखंड की नाबालिग से हरियाणा में हैवानियत, लोहे के गर्म चिमटे से दागा जाता था, पीड़िता से मिले अर्जुन मुंडा

केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने हरियाणा पहुंचकर इलाजरत बच्ची से मुलाकात की. उन्होंने कहा, आदिवासी लड़कियां घरेलू कामगार के रूप में काम करने आती हैं और उनके साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है. डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची को बिगड़ी हालत में लाया गया था. वह 15 वर्ष की है.

हरियाणा के गुरुग्राम में पिछले दिनों नाबालिग बच्ची को कथित रूप से प्रताड़ित करने और उसका यौन शोषण करने का मामला सामने आया था. जिसके बाद भारी बवाल हुआ. नाबालिग बच्ची इस समय अस्पताल में भर्ती है. केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने हरियाणा पहुंचकर इलाजरत बच्ची से मुलाकात की. उन्होंने घटना को दुखदायी बताया और कहा- बच्ची को हर संभव मदद दी जाएगी.

लड़की को बचाया गया, आरोपी दंपति गिरफ्तार

गुरुग्राम एसपी प्रीत पाल सांगवान ने बताया, हमें एक नाबालिग लड़की को एक जोड़े द्वारा बंदी बनाए जाने, प्रताड़ित करने और घर का काम करने के बारे में जानकारी मिली थी. लड़की को बचा लिया गया है, और आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे की जांच जारी है.

पीड़ित नाबालिग की बेहतरी के लिए काम करेगा जनजातीय मामलों का मंत्रालय

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा, आज मैंने उस आदिवासी लड़की को देखा जिसे बचाया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया. उसे गुरुग्राम के एक कपल ने प्रताड़ित किया था. यह बहुत दुखदायी है. आदिवासी लड़कियां घरेलू कामगार के रूप में काम करने आती हैं और उनके साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है. उन्होंने आगे कहा, डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची को बिगड़ी हालत में लाया गया था. वह 15 वर्ष की है. जनजातीय छात्रों के लिए राष्ट्रीय शिक्षा सोसायटी के हमारे मंत्री यहां हैं. जनजातीय मामलों का मंत्रालय उनकी बेहतरी के लिए क्या किया जा सकता है इस पर काम करेगा.

नाबालिग को प्रताड़ित करने वाले दंपती को नौकरी से धोना पड़ा हाथ

गुरुग्राम में नाबालिग घरेलू सहायिका को कथित रूप से प्रताड़ित करने और उसका यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार दंपती को उनके नियोक्ताओं ने नौकरी से निकाल दिया है. आरोपी महिला एक जनसंपर्क कंपनी में काम करती थी जबकि उसका पति एक बीमा कंपनी में कार्यरत था. दोनों के नियोक्ताओं ने ट्वीट कर उन्हें नौकरी से निकाले जाने की सार्वजनिक घोषणा की है.

झारखंड की है बच्ची

पुलिस के साथ मिलकर लड़की को आरोपी दंपती के चंगुल से मुक्त कराने वाले सखी केंद्र की प्रभारी पिंकी मलिक की तहरीर के अनुसार, झारखंड की राजधानी रांची की रहने वाली इस किशोरी को एक ‘प्लेसमेंट एजेंसी’ के माध्यम से काम पर रखा गया था, दंपती उससे बहुत ज्यादा काम करवाते थे और रोजाना बेहद उसे बेरहमी से उसे पीटते थे. पुलिस ने बुधवार को न्यू कॉलोनी निवासी मनीष खट्टर (36) और उनकी पत्नी कमलजीत कौर (34) को गिरफ्तार करने के बाद कहा था कि घरेलू सहायिका के हाथ, पैर और चेहरे पर चोट के कई निशान मिले हैं.

बच्ची को लोहे के गर्म चिमटे से दागा जाता था

पिंकी मलिक ने दावा किया कि दंपती पीड़ित किशोरी को पूरी रात सोने नहीं देते थे और उसे खाना भी नहीं देते थे. उन्होंने बताया, उसका चेहरा बुरी तरह सूजा हुआ था, जबकि शरीर पर हर जगह चोट के निशान थे. प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि पांच महीने पहले उसका एक रिश्तेदार उसे खट्टर के फ्लैट पर छोड़ गया था, जहां खट्टर अपनी पत्नी और बेटी के साथ रहते हैं. पीड़िता ने कहा कि उसे हर दिन अपमानित किया जाता और पीटा जाता. उसे प्रताड़ित करने के लिए कथित तौर पर गर्म लोहे के चिमटे का इस्तेमाल किया गया था. प्राथमिकी के मुताबिक, खट्टर उसे निर्वस्त्र करते थे और उसके निजी अंगों पर चोट पहुंचाते थे. पीड़िता ने कहा कि दंपति ने उसे अपने घर में कैद कर लिया था और उसे अपने परिवार से बात नहीं करने देते थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >