Janakpuri Death Case: दिल्ली के जनकपुरी में गड्ढे में गिरने से एक शख्स हुई मौत मामले में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार सवाल उठाया है. आम आदमी पार्टी के नेता और सांसद संजय सिंह ने कहा “यह बहुत दुखद है. कुछ दिन पहले हमने नोएडा में भी ऐसी ही एक घटना देखी थी, जिसमें एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई थी, और यह वैसी ही एक और घटना है.” उन्होंने कहा कि यह साफ है कि आज सड़कों में गड्ढे नहीं गड्ढों में सड़कें हैं और बिल्कुल भी सुरक्षा नहीं है. संजय सिंह ने कहा कि यह आपराधिक लापरवाही के कारण की गई हत्या है, इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए और कार्रवाई होनी चाहिए. इससे पहले AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे हादसा नहीं हत्या कहा था.
दिल्ली सरकार ने दिए जांच के आदेश
घटना के बाद दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD), दिल्ली जल बोर्ड (DJB), संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) एवं (पश्चिमी रेंज) और दिल्ली नगर निगम (MCD) के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे शनिवार को घटना स्थल पर होने वाले संयुक्त निरीक्षण के दौरान सुधारात्मक उपाय करें. मंत्री आशीष सूद ने जोगिंदर सिंह मार्ग पर जल बोर्ड के निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से युवक की मौत पर गहरा दुख जाहिर किया है. उन्होंने कहा कि वो घटना से बहुत आहत हैं.
दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
मंत्री आशीष सूद ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने घटनास्थल का दौरा किया और मृतक के परिवारजनों से भी मुलाकात की. उन्होंने लिखा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूरी दिल्ली सरकार दुख की इस घड़ी में इस परिवार के साथ है. घटना की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड की ओर से निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई थी.
पीड़ित परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक के परिवार ने जल बोर्ड की ओर से लापरवाही का आरोप लगाया है और उसकी मौत में साजिश की आशंका भी जताई है. पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में सूचना सुबह करीब सात बजे मिली, जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि शव और मोटरसाइकिल गड्ढे के अंदर मिली. (इनपुट भाषा)
