केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि दुनिया में चल रही भू-राजनीतिक और आर्थिक उथल-पुथल के बावजूद भारत ने अपनी आर्थिक वृद्धि की रफ्तार बनाए रखी है. उन्होंने कहा कि दूसरे देशों के साथ आर्थिक जुड़ाव बढ़ाने और रक्षा, तकनीक, ऊर्जा, निवेश और व्यापार जैसे क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी करने से भारत को फायदा मिला है.
पहली तिमाही में 7.8% रही GDP वृद्धि
गोवा पुलिस को राष्ट्रपति का ध्वज प्रदान करने के लिए पणजी में आयोजित समारोह में अमित शाह ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून के दौरान भारत की GDP वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही. उनके मुताबिक, दूसरे देशों के साथ बढ़ते आर्थिक संबंध भी इस मजबूत वृद्धि के प्रमुख कारणों में शामिल हैं.
पीटीआई के अनुसार शाह ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में रूस-यूक्रेन युद्ध और अब अमेरिका, ईरान तथा खाड़ी देशों के बीच संघर्ष के कारण दुनिया में अस्थिरता बनी हुई है. ऐसे माहौल में कई देश अपनी आर्थिक वृद्धि को लेकर अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं, लेकिन भारत ने दूसरे देशों के साथ अपने संबंधों को और मजबूत किया.
ये भी पढ़े: 7.8% GDP को PM मोदी ने बताया बड़ी उपलब्धि, कहा- 'जरूरत न हो तो सोना नहीं खरीदे'
9 देशों के साथ FTA, 38 देशों के साथ प्रस्ताव
अमित शाह ने कहा कि भारत ने 2026 तक 9 मुक्त व्यापार समझौते (FTA) किए हैं. इसके अलावा 38 देशों के साथ प्रभावी व्यापार व्यवस्था के लिए FTA प्रस्तावित हैं. उन्होंने बताया कि व्यापार बढ़ाने के लिए भारत संयुक्त अरब अमीरात (UAE), ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, ओमान, न्यूजीलैंड और यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौतों पर आगे बढ़ रहा है.
ये भी पढ़ें: PM मोदी बोले- भारत की आर्थिक प्रगति दुनिया के लिए विश्वास और नए अवसरों का स्रोत
'भारत ने अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव और रणनीतिक साझेदारियों को बढ़ाया'
शाह ने कहा कि भारत ने रक्षा, तकनीक, ऊर्जा, निवेश और व्यापार जैसे क्षेत्रों में भी कई महत्वपूर्ण समझौते किए हैं. उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 देशों की यात्रा की, जबकि करीब 15 देशों के राष्ट्राध्यक्ष भारत आए.
अमित शाह ने कहा कि वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बीच भारत ने अपने अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव और रणनीतिक साझेदारियों को बढ़ाया और इसी का असर देश की आर्थिक वृद्धि पर भी दिखाई दिया. इस समारोह में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी मौजूद रहे.
