इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह मुख्य रूप से भारत की 'युवा शक्ति' को समर्पित और याद करने वाला होगा. स्वतंत्रता दिवस 2026 समारोह में देश भर के प्रतिभाशाली युवाओं और अचीवर्स को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है. अंतर्राष्ट्रीय भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित ओलंपियाड 2026 में देश का नाम रोशन करने वाले 19 पदक विजेता छात्रों को इस समारोह में विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा. इन मेधावी छात्रों को लाल किले की प्राचीर पर बैठने का गौरव प्राप्त होगा.
राष्ट्रगीत से होगी कार्यक्रम की शुरुआत
रक्षा सचिव आरके सिंह ने बताया कि नए क्रम के अनुसार प्रधानमंत्री के आगमन पर राष्ट्रगीत से कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसके बाद वे तिरंगा फहराएंगे और फिर राष्ट्रगान की गूंज होगी.
विभिन्न क्षेत्रों के 'यंग अचीवर्स' होंगे शामिल
स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से जुड़े युवाओं को भी आमंत्रित किया गया है.
- राष्ट्रीय नवाचार कार्यक्रमों (National Innovation Programmes) के तहत नवाचार करने वाले युवा
- प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PM Internship Scheme) के इंटर्न्स
- प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) के तहत प्रशिक्षित युवा
- स्टार्टअप इंडिया सीड फंड और अन्य सरकारी योजनाओं के माध्यम से सहायता प्राप्त स्टार्टअप्स के संस्थापक
- 'माई भारत' (MY Bharat) के स्वयंसेवक
- नमस्ते पीएम अजय (PM AJAY)
- सीड (SEED) योजनाओं के लाभार्थी
युवाओं को खास मौका देने के पीछे की क्या है वजह?
रक्षा सचिव आरके सिंह से पूछा गया कि क्या यह जंतर-मंतर पर हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद किया जा रहा है, तो उन्होंने कहा, "मैं आपको यकीन दिला सकता हूं कि यह योजना जंतर-मंतर आंदोलन से पहले ही तैयार कर ली गई थी."
दिल्ली के सरकारी स्कूलों के छात्र भी बनेंगे हिस्सा
इसके अलावा, विभिन्न क्विज़ और प्रतियोगिताओं के माध्यम से चुने गए दिल्ली सरकार के स्कूलों के छात्रों को भी इस राष्ट्रीय समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने का अवसर दिया गया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से फहराएंगे राष्ट्रध्वज
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा. इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रध्वज फहराएंगे और देशवासियों को संबोधित करेंगे.
