Kal ka Mausam : और बढ़ेगी ठंड, कांपेंगे लोग, 1 जनवरी तक के लिए अलर्ट जारी

Kal ka Mausam : मौसम विभाग के अनुसार देश के कई राज्यों में आने वाले दिनों में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में 30 दिसंबर से 1 जनवरी तक कोहरे का असर रह सकता है. जानें देश के अन्य राज्यों के मौसम का हाल.

Kal ka Mausam : मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में 31 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घना कोहरा छाने के आसार हैं. वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में 29 दिसंबर तक, जम्मू डिवीजन में 30 दिसंबर तक कोहरा रह सकता है. इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 31 दिसंबर तक जबकि असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा में 1 जनवरी तक कुछ जगहों पर घना कोहरा देखने को मिल सकता है.

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में चलेगी शीतलहर

विभाग के अनुसार, 28 से 30 दिसंबर के दौरान उत्तरी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीत लहर चलने की बहुत ज्यादा संभावना है. इस दौरान तापमान में तेज गिरावट आ सकती है, जिससे कड़ाके की ठंड पड़ेगी. लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

झारखंड में पड़ेगी कड़ाके की ठंड

झारखंड में अगले दो दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है. इसके बाद लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान है. नववर्ष के पहले दिन, 1 जनवरी 2026 को मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें : Jharkhand Ka Mausam : झारखंड में अगले दो दिन पड़ेगी कड़ाके की ठंड, आया IMD का अलर्ट

बिहार  के इन जिलों के लिए जारी किया गया अलर्ट

बिहार में ठंड का कहर अभी और जारी रहने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिलेगी. इसके साथ ही दो दिनों के लिए 14 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है. अगले दो दिनों तक राजधानी पटना, भोजपुर, बक्सर, भभुआ, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, जहानाबाद, नालंदा, नवादा के अलावा बेगूसराय, शेखपुरा, गया और जमुई में कोल्ड डे का अलर्ट किया गया है.

पंजाब, हरियाणा में कड़ाके की ठंड जारी

पंजाब और हरियाणा में रविवार को भी कड़ाके की ठंड जारी रही और हिसार में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के हिसार में 2.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. अभी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलने के आसार हैं. विभाग के अनुसार, 28 से 30 दिसंबर के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में शीतलहर चल सकती है.

दिल्ली का मौसम

दिल्ली में आसमान रहेगा साफ

दिल्ली में रविवार सुबह वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही और एक्यूआई 392 दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है. विभाग ने बताया कि अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है और आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है. सोमवार को न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है. इसके बाद तापमान में कुछ बढ़ोतरी नजर आ सकती है.

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में होगी बारिश या बर्फबारी

मौसम विभाग के अनुसार, 30 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की बहुत ज्यादा संभावना है. इसी अवधि में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है. इससे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड और बढ़ेगी तथा जनजीवन प्रभावित हो सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >