हिमाचल में बदला मौसम: लाहौल-स्पीति में बर्फबारी, कई इलाकों में झमाझम बारिश

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ली है. लाहौल स्पीति समेत राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है. वहीं, भरमौर, गोंडला, केलांग, भुंतर और धर्मशाला समेत कई और इलाकों में बारिश दर्ज की गई.

Himachal weather:हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में गुरुवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली. कई जगहों पर बर्फबारी देखने को मिली. जबकि, निचले पहाड़ी क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा. प्रदेश के दारचा और शिंकुला जैसे ऊपरी इलाकों में अच्छी बर्फबारी हुई, जबकि हंसा में करीब 2.5 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज की गई.

अटल टनल पर हिमपात

गुरुवार को भी कई इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई. मनाली के पास अटल टनल पर हिमपात दर्ज किया गया.

निचले इलाकों में हुई बारिश

शिमला स्थित मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. भरमौर में 12 मिमी, गोंडला में 6.2 मिमी, केलांग में 4 मिमी, भुंतर और धर्मशाला में 2 मिमी, कुकुमसेरी और कांगड़ा में 1.3 मिमी, जोत में 1 मिमी और कल्पा में 0.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई.

मार्च महीने में हुई इस बारिश और बर्फबारी से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटन से जुड़े कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं. खासकर मनाली और लाहौल-स्पीति के पर्यटन हितधारकों को उम्मीद है कि मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी के कारण आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों का रुख करेंगे.

गर्मी से मिली राहत

ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी का असर घाटी के तापमान पर भी पड़ा है. इससे मनाली और आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ लाहौल-स्पीति में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मौसम में ठंडक बढ़ गई है. हालांकि प्रदेश के मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना रहा. सुंदरनगर और सोलन जैसे क्षेत्रों में गर्मी का असर देखने को मिला और दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. (इनपुट भाषा)

Also Read: 12–18 मार्च तक कई राज्यों में भारी बारिश, 4 से 5 डिग्री तक गिर सकता है पारा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >