Heavy Rain Warning: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का अनुमान है कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम करवट ले सकता है. इसके प्रभाव से 31 जनवरी से 3 फरवरी तक बारिश-बर्फबारी और तेज हवाओं का नया दौर शुरू हो सकता है. पश्चिमी विक्षोभ का असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई देगा. उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत से जुड़े मैदानी इलाकों में इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
पहाड़ों से लेकर मैदान तक बारिश और बर्फबारी
मौसम विभग का अनुमान है कि नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर दिखाई दे सकता है. स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक 30 जनवरी की रात से पश्चिमी विक्षोभ के वेस्टर्न हिमालयी क्षेत्र में एक्टिव होने की संभावना है. इसके असर से 31 जनवरी की सुबह जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित पूरे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 3 फरवरी तक मौसम का मिजाज बदल सकता है.
कई इलाकों में चल सकती है तेज हवाएं
मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 जनवरी और 1 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में गरज-बिजली के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है. वहीं एक फरवरी को हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में और 2 फरवरी तक उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना है. 31 जनवरी से 3 फरवरी तक राजस्थान में गरज-बिजली के साथ बारिश की संभावना है.
घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक 31 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है. 31 जनवरी तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में कोहरे का प्रकोप रहेगा. इसके अलावा 30 और 31 जनवरी को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की चेतावनी भी जारी की गई है.
आईएमडी ने जारी की चेतावनी
IMD ने मौसम के तेवर को देखते हुए चेतावनी जारी की है. आईएमडी ने अपने गाइडलाइन में कहा कि बिजली कड़कने या आंधी-तूफान की स्थिति में पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें. यदि आप खुले में हैं तो जमीन पर लेटे नहीं. खुले में भी न रहे किसी पक्की इमारत में जाने की कोशिश करें.
