Heavy Rain: मौसम विभाग के अनुसार बुधवार सुबह तक पिछले 24 घंटे की अवधि में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटे में मुंबई और उसके उपनगरों में गरज एवं बिजली चमकने के साथ मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है. आईएमडी ने मुंबई ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
195 मिलीमीटर हुई औसत बारिश
नगर निकाय के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह तक पिछले 24 घंटे की अवधि में द्वीप शहर में औसतन 195 मिलीमीटर, पश्चिमी उपनगरों में 208 मिलीमीटर और पूर्वी उपनगरों में 167 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. रातभर हुई बारिश के कारण बुधवार सुबह तक शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया जिससे यातायात प्रभावित हुआ और हजारों लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई. ठाणे और पालघर जिलों में पिछले 24 घंटे में भारी बारिश होने के कारण मालशेज घाट में भूस्खलन हुआ और पेड़ गिरने की कई शिकायतें मिलीं.
भारी बारिश की वजह से रेल सेवा प्रभावित
भारी बारिश की वजह से मध्य रेलवे की ट्रांस-हार्बर लाइन की सेवाओं पर भी असर पड़ा. तुर्भे और कोपरखैरने स्टेशनों के बीच पानी के तेज बहाव के कारण रेल पटरी के नीचे धंस जाने के कारण नवी मुंबई में वाशी/पनवेल और ठाणे के बीच सेवाएं प्रभावित हुईं. मध्य रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि ठाणे-वाशी खंड पर अप लाइन को सुबह पांच बजकर छह मिनट पर और डाउन लाइन को सुबह पांच बजकर 50 मिनट पर असुरक्षित घोषित कर दिया गया जिससे सुबह के व्यस्त समय में ट्रेन परिचालन प्रभावित हुआ. अप लाइन को सुबह सात बजकर 27 मिनट पर बहाल कर दिया गया और इस पर ट्रेन की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक सीमित रखी गई. डाउन लाइन को सुबह सात बजकर 35 मिनट पर सुरक्षित घोषित किया गया तथा इस पर ट्रेन को 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की अनुमति दी गई.
समुद्र में उठ रहीं ऊंची लहरें
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बताया कि बुधवार सुबह आठ बजकर 28 मिनट पर समुद्र में 3.41 मीटर ऊंचा ज्वार आया जबकि शाम सात बजकर 41 मिनट पर 3.35 मीटर ऊंचा ज्वार आने का अनुमान है. अरब सागर से घिरे मुंबई महानगर में आमतौर पर भारी बारिश और समुद्र में ऊंची लहरें उठने के कारण जलभराव होता है.
दक्षिण-पश्चिम मानसून 13 दिन की देरी से रांची पहुंचा
दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी सामान्य आगमन तिथि से 13 दिन की देरी से मंगलवार को मुंबई पहुंचा जिससे शहर और उपनगरों में व्यापक पैमाने पर बारिश हुई तथा भीषण गर्मी से राहत मिली. मुंबई में मानसून सामान्य रूप से 10 जून को आ जाता है. आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, 2023 में मानसून इससे भी देर से 25 जून को पहुंचा था. मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के आगमन में सबसे अधिक देरी 1974 एवं 1958 में हुई थी और यह 28 जून को मुंबई पहुंचा था.
ये भी पढ़ें: मानसून की भारी बारिश से मुंबई बेहाल, 8 घंटे में बरसा 200 मिमी से ज्यादा पानी, कई इलाकों में जलभराव; IMD का अलर्ट
