Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सरकारी जमीन पर बने अवैध मदरसे पर बुलडोजर एक्शन लिया गया. गाजियाबाद के ग्रामीण पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र नाथ तिवारी ने एएनआई न्यूज एजेंसी को बताया कि राजस्व विभाग द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान पता चला कि सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से मदरसा बनाया गया है, जिसके बाद इसपर एक्शन हुआ.
बुलडोजर एक्शन से पहले जारी की गई थी नोटिस
ग्रामीण पुलिस उपायुक्त ने बताया कि बुलडोजर एक्शन से पहले मदरसे को खाली कराने के लिए राजस्व विभाग की ओर से नोटिस भी जारी की गई थी. नोटिस के बाद भी अवैध निर्माण को खाली नहीं किया गया, तब प्रशासन ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया. सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करके निर्माण करने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है.
बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया केस
गाजियाबाद के डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट विशेष रूप से खोरा पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में अवैध संपत्तियों के संबंध में जांच चल रही है. उन्होंने बताया कि मंगलवार ( 2 जून) को दो अनाधिकृत मदरसों को सील किया गया. इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए इन दोनों मदरसों के खिलाफ तीन आरोपियों के नाम पर एफआईआर दर्ज की गई है. ये मदरसे अल्पसंख्यक मामलों के विभाग से आवश्यक अनुमति के बिना चल रहे थे. इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
(इनपुट : सत्येंद्र गिरि)
ये भी पढ़ें : ऊर्जा संकट के बीच हवाई यात्रा को महंगी होने से बचाने के लिए कैबिनेट ने 10,000 करोड़ रुपए की सहायता को मंजूरी दी
