सी ग्रेड फिल्म से भी बदतर, असम के मुख्यमंत्री को कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने दिया जवाब

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता गौरव गोगोई की ब्रिटिश पत्नी भारत से जुड़ी जानकारियां जुटाकर पाकिस्तान भेज रही थीं.

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गोगोई और उनकी पत्नी को लेकर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि गौरव गोगोई की पत्नी ने पहले पाकिस्तान में एक संगठन में काम किया था. शादी के बाद भारत में रहते हुए भी उन्हें पाकिस्तान से वेतन मिलता रहा. सीएम के मुताबिक, वह भारत की राजनीति से जुड़ी रिपोर्ट पाकिस्तान को भेजती थीं और नौ बार पाकिस्तान गईं. उन्होंने यह भी दावा किया कि गौरव गोगोई खुद 10 दिनों के लिए पाकिस्तान गए थे और उन्हें वहां गृह मंत्रालय के अनुरोध पर वीजा मिला था. इसके अलावा सीएम ने सवाल उठाया कि गौरव गोगोई ने अपने बच्चों का भारतीय पासपोर्ट सरेंडर कराकर ब्रिटिश पासपोर्ट बनवाया. उन्होंने कहा कि इन सभी सवालों पर गौरव गोगोई को साफ जवाब देना चाहिए.

गौरव गोगोई ने एक्स पर लिखा कि मैं सोमवार को गुवाहाटी में राजीव भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करूंगा. संभवत: वे सीएम के द्वारा लगाए गए आरोप का जवाब दे सकते हैं.

मानसिक संतुलन खो चुके हैं मुख्यमंत्री: कांग्रेस

असम में विपक्षी दल कांग्रेस ने कहा कि पार्टी के नेता गौरव गोगोई के पाकिस्तान से जुड़े होने संबंधी मुख्यमंत्री के दावे निराधार हैं. ऐसा प्रतीत होता है कि वह मानसिक संतुलन खो चुके हैं. पार्टी के राष्ट्रीय और राज्य स्तर के नेताओं ने कहा कि सरमा ने मुख्यमंत्री पद की प्रतिष्ठा धूमिल कर दी है. कांग्रेस कमेटी के महासचिव (असम प्रभारी) जितेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि मुख्यमंत्री मानसिक संतुलन खो चुके हैं और उनके दावों के समर्थन में कोई दस्तावेजी सबूत नहीं है. राजनीति अलग बात है, लेकिन सम्मानित परिवार पर व्यक्तिगत स्तर पर बेबुनियाद आरोप लगाना बेहद चिंताजनक है.

सी ग्रेड फिल्म से भी बदतर : गौरव गोगोई

असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के उनके पाकिस्तानी कनेक्शन संबंधी आरोपों को ‘बेहद बेतुका और झूठा’ बता कर खारिज कर दिया. इसके साथ ही गोगोई ने शर्मा की प्रेस कांफ्रेंस को ‘सी-ग्रेड फिल्म से भी बदतर’ और ‘सुपर फ्लॉप’ करार दिया. शर्मा ने इसी प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेता के खिलाफ यह आरोप लगाये थे.

गोगोई ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मुझे दिल्ली और असम के उन पत्रकारों पर तरस आता है जिन्हें सदी की सबसे फ्लॉप प्रेस कॉन्फ्रेंस झेलनी पड़ी. यह ‘सी-ग्रेड सिनेमा’ से भी बदतर थी. तथाकथित चतुर मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए गए ये आरोप पूरी तरह से बेतुके और झूठे हैं. उन्होंने दावा किया कि यह सुपर फ्लॉप हमारी परिवर्तन यात्रा के बिल्कुल विपरीत है, जो मुख्यमंत्री और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा कब्जा की गई 12,000 बीघा जमीन का पर्दाफाश करने में सफल रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >