Fact Check: अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी जंग के कारण मिडिल ईस्ट सुलग रहा है. इसी बीच एक खबर सबको चौंका रही है. दावा किया जा रहा है कि बहरीन में कथित तौर पर इजराइल के लिए जासूसी कर रहे एक भारतीय को गिरफ्तार किया गया है. सोशल मीडिया में इसका एक पोस्ट भी वायरल हो रहा है. हालांकि भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस पोस्त के दावों को खारिज किया है. साथी ही मंत्रालय ने देश के बाहर रह रहे अपने नागरिकों को सतर्क रहने को कहा है. MEA फैक्ट चेक में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर ऐसे झूठे और निराधार दावों से सावधान रहें!
वायरल पोस्ट में क्या है?
वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि बहरीन के अधिकारियों ने नितिन मोहन नाम के भारतीय टेलीकॉम इंजीनियर को हिरासत मं लिया है. नितिन पर कथित रूप से इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद के लिए जासूसी और संवेदनशील जानकारी देने का आरोप लगाया गया है. पोस्ट में बहरीन सरकार की मुहर वाली रिपोर्ट भी है.
क्या है वायरल पोस्ट का सच?
भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस वायरल पोस्ट को फर्जी करार दिया है. मंत्रालय ने वायरल पोस्ट का एक स्कीनशॉट भी शेयर किया है. साथ ही फेक न्यूज अलर्ट भी जारी किया है. मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि यह खबर फर्जी है, और सोशल मीडिया पर ऐसी खबरों और दावों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है.
भारत सरकार ने जारी की एडवाइजरी
भारत ने बहरीन में रहने वाले अपने नागरिकों के लिए बीते दिनों एक एडवाइजरी जारी कर क्षेत्र में मौजूदा स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने, उचित सावधानी बरतने और स्थानीय अधिकारियों के सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने का आग्रह किया था. बहरीन स्थित भारतीय दूतावास ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि भारतीय नागरिकों से अनुरोध है कि वे बहरीन स्थित भारतीय दूतावास और स्थानीय अधिकारियों की ओर से अपडेट जानकारी और सलाह का पालन करें. एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि बहरीन स्थित भारतीय दूतावास सामान्य रूप से कार्य कर रहा है.
ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल की जंग जारी
भारत सरकार ने अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच हाल ही में हुए संघर्ष को देखते हुए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है. 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर संयुक्त हमला किया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया है. भारतीय दूतावास ने चेतावनी देते हुए कहा कि फंसे हुए भारतीय नागरिकों, खासकर पर्यटक और अल्पकालिक वीजा धारक, की सुरक्षा का भारत सरकार पूरा ध्यान रख रही है.
