Delhi Traffic: 18वें ब्रिक्स नेताओं के शिखर सम्मेलन की मेजबानी को लेकर दिल्ली में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त कर दी गई है. 12 और 13 सितंबर को आयोजित हो रहे इस वैश्विक सम्मेलन के मद्देनजर शनिवार को दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर व्यापक ट्रैफिक पाबंदियां लागू रहेंगी. दिल्ली यातायात पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, सुबह 9:30 बजे से लेकर रात 9:30 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी और कुछ रास्तों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा.
इन इलाकों और प्रमुख मार्गों पर पड़ेगा असर
ट्रैफिक प्रतिबंधों का सबसे ज्यादा असर प्रगति मैदान (भारत मंडपम) के आसपास के इलाकों में देखने को मिलेगा. इसके अलावा मध्य दिल्ली को शहर के अन्य हिस्सों - उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिमी दिल्ली से जोड़ने वाले मुख्य रास्तों पर भी गाड़ियां रोक-रोक कर या डाइवर्ट करके चलाई जाएंगी.
ये भी पढ़ें: शी जिनपिंग को शान्शी का अचार, पुतिन को कॉटेज चीज पसंद, जानें दोनों वर्ल्ड लीडर्स से कितने अलग हैं PM मोदी?
जिन प्रमुख रास्तों को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है, उनमें शामिल हैं
- रिंग रोड और मथुरा रोड
- भैरों मार्ग और तिलक मार्ग
- इंडिया गेट / सी-हेक्सागन क्षेत्र
- सरदार पटेल मार्ग और पटेल रोड
- एनएच-48 और परेड रोड
- लुटियंस दिल्ली की प्रमुख सड़कें
पुलिस की सलाह, निजी वाहनों के बजाय मेट्रो का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें
दिल्ली पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए अपने सफर में अतिरिक्त समय लेकर निकलें और निजी वाहनों के बजाय मेट्रो का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें. पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का चयन करने और ऑन-ड्यूटी ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है.
एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड जैसी आपतकालीन सेवाओं को रोक नहीं
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक व आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही पर कोई रोक नहीं होगी और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: BRICS Summit 2026: दुनिया की 50% आबादी, 40% GDP और 25% से ज्यादा ट्रेड, बोले पीएम मोदी- दिख रही BRICS की रफ्तार
