AI समिट हंगामा: ग्वालियर से एक और प्रदर्शनकारी दबोचा, दिल्ली पुलिस अब तक 5 को कर चुकी गिरफ्तार

Delhi Police Arrested: दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हाई-प्रोफाइल AI समिट में हंगामा करने वाले युवक को पुलिस ने ग्वालियर से दबोचा है. शर्ट के नीचे छिपाई गई विवादित टी-शर्ट्स और सोची-समझी प्लानिंग के पीछे अब पुलिस 'बड़ी साजिश' और 'फंडिंग' के एंगल को खंगाल रही है.

Delhi Police Arrested: पिछले हफ्ते दिल्ली के भारत मंडपम में ‘AI इम्पैक्ट समिट’ चल रही थी. इस बड़े अंतरराष्ट्रीय इवेंट में भारतीय युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने अचानक अपनी शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने ग्वालियर (मध्य प्रदेश) से जितेंद्र यादव नाम के पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है. इससे पहले चार लोगों को प्रदर्शन वाले दिन ही पकड़ लिया गया था.

कैसे बनाया था ‘सीक्रेट प्लान’?

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने अंदर घुसने के लिए बाकायदा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया और क्यूआर कोड हासिल किया. पहले उनका प्लान था कि वे काली छतरियों पर स्टिकर चिपकाकर अंदर ले जाएंगे, लेकिन उन्हें डर था कि सिक्योरिटी उन्हें गेट पर ही रोक लेगी. इसलिए उन्होंने प्लान बदला और टी-शर्ट्स पर नारे छपवाकर उन्हें अपनी कमीज के नीचे पहन लिया.

शर्ट उतारते ही मचा हड़कंप

जैसे ही ये लोग हॉल नंबर 5 की लॉबी में पहुंचे, इन्होंने अपनी ऊपर की शर्ट उतार दी. पीटीआई के अनुसार, इन टी-शर्ट्स पर ‘PM Is Compromised’, ‘भारत-अमेरिका व्यापार समझौता’ और ‘एप्स्टीन फाइल्स’ जैसे स्लोगन लिखे थे. सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत एक्शन लेते हुए उन्हें वहां से बाहर निकाला.

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र: सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा- अजित पवार ने बजट की सारी तैयारी कर ली थी पूरी

पुलिस का ‘साजिश’ वाला एंगल

दिल्ली पुलिस इस मामले को सिर्फ एक सामान्य प्रदर्शन नहीं मान रही है. अधिकारियों का कहना है कि इसके पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका है. पुलिस अब इन बातों की जांच कर रही है:

  • इन टी-शर्ट्स को छपवाने के लिए पैसा कहां से आया?
  • इस पूरे प्लान की फंडिंग किसने की?
  • पीटीआई की रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि प्रदर्शनकारियों ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसवालों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी की थी.

सियासत भी हुई तेज

इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है. बीजेपी (BJP) ने इसे वैश्विक स्तर पर भारत की इमेज खराब करने वाला काम बताया है. वहीं, युवा कांग्रेस का कहना है कि यह देश के हितों के लिए किया गया एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन था. पुलिस ने इस मामले में युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब से भी पूछताछ की है और पकड़े गए आरोपियों से मिले सुरागों के आधार पर कुछ और नामों की तलाश जारी है.

ये भी पढ़ें:  Ajit Pawar : सेल्फमेड नेता अजित पवार, जो पिता की असमय मौत के बाद टूटे नहीं; मजबूती से उभरे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >