हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने कई फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट चलाने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया है. इसके साथ ही CJP के नेतृत्व में हुए NEET पेपर लीक आंदोलन के दौरान पोस्ट किए गए कंटेंट को लेकर मेटा इंडिया के प्रमुख को भी मामले में शामिल किया गया है. मामले में मेटा मेटा के स्पोक्सपर्सन ने कहा कि हम इस मामले में संबंधित एजेंसियों के संपर्क में हैं और मामले के समाधान के लिए उन्हें पूरा सहयोग दे रहे हैं.
सोशल मीडिया कंपनी मेटा के एक स्पोक्सपर्सन ने कहा, "हम संबंधित एजेंसियों के संपर्क में हैं और मामले को सुलझाने के लिए उनका सहयोग कर रहे हैं.’’
पुलिस के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, ''ये मामले उन लोगों के खिलाफ दर्ज किए गए, जिन्होंने पोस्ट किया और उन्होंने (सोशल प्लेटफॉर्म ने) कैसे इसकी इजाजत दी.''
मेटा इंडिया प्रमुख समेत कई लोगों पर केस दर्ज
हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में कार्रवाई की है. बीजेपी कार्यकर्ताओं की शिकायत पर कुछ फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट चलाने वालों के साथ मेटा इंडिया के प्रमुख के खिलाफ भी दो केस दर्ज किए गए हैं. पुलिस ने 29 जुलाई को मिली शिकायत के आधार पर आईटी कानून और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अलग-अलग धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बीजेपी की तेलंगाना इकाई के मुख्य प्रवक्ता एन. वी. सुभाष ने कहा, "अभिव्यक्ति की आजादी का मतलब किसी को गाली देना या उसकी छवि खराब करना नहीं है."
