'पीएम मोदी, शिवराज चौहान, ED, CBI और IT पांच पांडव', कांग्रेस अध्यक्ष खरगे का बयान

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा तीन केंद्रीय एजेंसियां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर विभाग ‘पांच पांडव’ हैं जिनके खिलाफ कांग्रेस लड़ रही है.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा तीन केंद्रीय एजेंसियां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर विभाग ‘पांच पांडव’ हैं जिनके खिलाफ कांग्रेस लड़ रही है. मल्लिकार्जुन खरगे ने मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करते हुए भोपाल में एक चुनावी जनसभा में कहा कि केंद्रीय एजेंसियां भारतीय जनता पार्टी की ओर से मैदान में हैं.

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ‘‘ कांग्रेस के पास एक उम्मीदवार (प्रति निर्वाचन क्षेत्र) है, लेकिन भाजपा के पास चार हैं. एक (पार्टी) उम्मीदवार है जो दिखाई दे रहा है, लेकिन तीन अन्य हैं जो अदृश्य हैं….ईडी जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तरह एक स्टार प्रचारक की तरह प्रचार कर रहा है. दूसरा उम्मीदवार है सीबीआई, जो उम्मीदवारों (प्रतिद्वंद्वी)को कमजोर करने के लिए उनके पीछे पड़ती है और तीसरा उम्मीदवार है आयकर विभाग.’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘इन तीनों के अलावा, मोदी और (मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह) चौहान भी हैं…वे प्राचीन समय के नहीं बल्कि आज के ‘पांच पांडव’ की तरह हैं, जो हमें हराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हमें उन्हें सबक सिखाना होगा.’’

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ में चुनाव हो रहे हैं ऐसे में ईडी वहां पार्टी के नेताओं को परेशान कर रही है और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धमकी दे रही है. उन्होंने कहा, ‘‘यह कोई लोकतांत्रिक तरीका नहीं है और न ही बराबरी का मामला है, लेकिन इस प्रकार डराने-धमकाने का काम चल रहा है.’’ पिछले हफ्ते ईडी ने दावा किया था कि उसने एक ‘कैश कूरियर’ का बयान दर्ज किया, जिसने आरोप लगाया कि महादेव सट्टेबाजी ऐप के प्रमोटरों ने बघेल को 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया और यह ‘जांच का विषय’ है.

‘कांग्रेस ने देश के लिए क्या किया’ संबंधी बाते कहने वाले भाजपा नेताओं की आलोचना करते हुए खरगे ने कहा, ‘‘ कांग्रेस ने देश और उसके संविधान को बचाया है, जिसके कारण वे मुख्यमंत्री बने हैं. इन भाजपा नेताओं ने देश के लोकतंत्र और आजादी के लिए लड़ाई नहीं लड़ी बल्कि अंग्रेजों का साथ दिया. अगर हमने प्रयास नहीं किया होता तो देश की तस्वीर कुछ और होती.’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया. खरगे ने कहा कि मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा ‘भ्रष्टाचार, किसान आत्महत्या, महिलाओं के खिलाफ अपराध, कुपोषण और बेरोजगारी में नंबर एक’ है लेकिन कांग्रेस इसमें बदलाव लाएगी.

खरगे ने कहा, ‘‘ वे मध्य प्रदेश में पिछले 18 साल और देश में दस साल तक सत्ता में रहे और खुद को डबल इंजन की सरकार कहते हैं लेकिन वे राज्य के लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं कर सके.’’ कांग्रेस की विभिन्न ‘गारंटियों’ (चुनावी वादों) के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी विभिन्न जातियों की सही आबादी का पता लगाने के लिए जाति आधारित गणना कराएगी और उसके अनुसार उनके लिए योजनाएं बनाएगी. भोपाल में एक रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने प्रश्न किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने मणिपुर का दौरा क्यों नहीं किया, जहां इस साल की शुरुआत में बड़े पैमाने पर जातीय हिंसा हुई थी, लेकिन वह मध्य प्रदेश और तेलंगाना सहित चुनावी राज्यों का दौरा कर रहे हैं.

उन्होंने कहा, ‘‘अगर भाजपा आजादी के तुरंत बाद सत्ता में आती तो उसने भारत में मनुस्मृति लागू कर दी होती. उन्होंने भाजपा पर कांग्रेस की ‘मोहब्बत की दुकान’ के मुकाबले ‘नफरत की दुकान’ खोलने का भी आरोप लगाया.’’ खरगे ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी मणिपुर नहीं गए हैं जहां झगड़े हुए, घर लूटे गए, कारें जलाई गईं और घर बर्बाद हो गए. लेकिन वह मिजोरम को छोड़कर मध्य प्रदेश, तेलंगाना और राजस्थान जा रहे हैं जहां चुनाव होने हैं.’’ खरगे ने जनता से कहा कि कांग्रेस महंगाई को नियंत्रण में रखना चाहती है. उन्होंने कहा, ‘‘मध्य प्रदेश में 150 से अधिक सीटों के साथ हमारी सरकार बन रही है. हम महंगाई पर अंकुश लगाएंगे.’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जहां भी शांति है, भाजपा वहां आग लगाना चाहती है. उन्होंने कहा, ‘‘वे हमेशा अपनी जेब में माचिस रखते हैं और हाथ में पेट्रोल रखते हैं…उन्होंने कहीं भी शांति की बात नहीं की है. अगर उन्होंने देश की पहली सरकार (आजादी के बाद) बनाई होती, तो अमीरों को और अमीर तथा गरीबों को और गरीब बनाने के लिए मनु के कानून लागू किए होते…’’

खरगे ने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने लोकतंत्र को मजबूत किया, जबकि डॉ बाबासाहेब आंबेडकर ने संविधान बनाया जिसने सभी को मतदान का अधिकार दिया. उन्होंने कहा कि नेहरू ने भोपाल और अन्य जगहों पर बड़े उद्योग भी स्थापित किए जो अब व्यापारियों को बेचे जा रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘लोगों को इन उद्योगों में लाखों नौकरियां मिलीं…इन्हें या तो बंद किया जा रहा है या व्यवसाइयों को बेच दिया गया है जिससे रोजगार कम हो गए हैं..इससे आरक्षित वर्ग के लोगों के लिए नौकरियां भी कम हो गई हैं.’’

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >