By Election Result 2025 : बिहार चुनाव के लिए आप को मिली संजीवनी, अरविंद केजरीवाल गदगद

By Election Result 2025 : आम आदमी पार्टी ने उपचुनाव की पांच में से दो सीटें जीतकर मजबूत प्रदर्शन किया है. इस सफलता के बाद पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में बड़ी रणनीति बना सकती है, जहां कुछ महीनों में चुनाव होने हैं. यह जीत पार्टी के लिए आगे की तैयारी का संकेत मानी जा रही है.

By Election Result 2025 : चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में पंजाब और गुजरात में आम आदमी पार्टी को बड़ी राहत मिली है. दिल्ली चुनाव में हार से निराश कार्यकर्ताओं को संबल मिला है. केजरीवाल ने दावा किया कि अब एक राजनीतिक चक्रवात आएगा, जब आप कांग्रेस और बीजेपी दोनों को हराएगी. आपको बता दें कि इस उपचुनाव के बाद बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं जहां आप ने अकेले चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान किया है.

विसावदर और लुधियाना पश्चिम सीट पर आप की हुई जीत

उपचुनाव में मिली प्रभावशाली जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नतीजे दिखाते हैं कि गुजरात के लोग अब सत्तारूढ़ बीजेपी से तंग आ चुके हैं. उन्होंने पंजाब में पार्टी सांसद की जीत के बाद उठ रही अटकलों को भी खारिज कर दिया कि वह राज्यसभा जा सकते हैं. केजरीवाल ने साफ कहा, “मैं राज्यसभा नहीं जा रहा हूं. पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति तय करेगी कि कौन जाएगा.” आम आदमी पार्टी ने गुजरात की विसावदर और पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कर पार्टी को नई ऊर्जा दी है.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि फरवरी में आम आदमी पार्टी ने विसावदर सीट जीती थी, लेकिन विधायक पार्टी छोड़कर बीजेपी में चले गए. अब हमने लुधियाना पश्चिम सहित दोनों सीटें दोगुने अंतर से जीत ली हैं, जो दिखाता है कि जनता हमारे काम से खुश है. उन्होंने कहा कि आमतौर पर उपचुनाव में सत्ताधारी पार्टी को बढ़त मिलती है, लेकिन गुजरात में बीजेपी की सरकार और प्रशासनिक पकड़ के बावजूद अगर जनता ने हमें वोट दिया और हम दोगुने अंतर से जीते, तो यह साफ संकेत है कि लोग अब बीजेपी से नाराज़ हैं और बदलाव चाहते हैं.

बिहार चुनाव अकेले लड़ेगी आप

इस साल के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) अकेले चुनाव लड़ेगी. दिल्ली की सत्ता से हटने के बाद पार्टी देशभर में विस्तार की कोशिश कर रही है. बिहार में AAP का मुकाबला इंडिया गठबंधन और बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए से होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >