गुजरात के वलसाड में भाजपा पदाधिकारी की गोली मारकर हत्या
गुजरात के वलसाड जिले में वापी नगर के निकट एक मंदिर से अपनी पत्नी के लौटने का इंतजार कर रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय पदाधिकारी की सोमवार को सुबह कुछ अज्ञात लोगों ने गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी. डूंगरा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार हमलावर कोचरवा गांव में शैलेश पटेल की कार के पास आए और उन्हें तीन या चार गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौत हो गई. वापी तालुका की भाजपा इकाई के अध्यक्ष सुरेश पटेल ने घटना पर दुख व्यक्त किया. शैलेश वापी तालुका की भाजपा इकाई के उपाध्यक्ष थे. पुलिस ने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई. उन्होंने बताया कि जब मंदिर में पूजा कर रहीं पटेल की पत्नी शोर सुनकर मौके पर पहुंचीं, तो उन्होंने अपने पति को खून से लथपथ पाया. उन्होंने लोगों से मदद मांगी. पटेल को वापी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.