Assam Kerala Puducherry Assembly Election 2026: केरल, असम और पुडुचेरी की सभी विधानसभा सीटों पर आज यानी गुरुवार (9 अप्रैल) को मतदान हो रहा है. वोटिंग सुबह 7 बजे शुरु हो गई है. इन तीनों राज्यों में एक ही चरण में मतदान हो रहा है. असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर एक साथ मतदान हो रहा है. चुनाव के नतीजे चार मई को आएंगे.
सुबह 9 बजे कितनी प्रतिशत हुआ मतदान
सुबह के 9 बजे तक असम में 17.87 फीसदी वोटिंग हुई. केरल में 16.23 फीसदी और पुडुचेरी में 17.41 फीसदी मतदान दर्ज किया गया.
असम विधानसभा चुनाव में वोटिंग जारी
असम विधानसभा की सभी 126 सीट के लिए गुरुवार (9 अप्रैल) की सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया. 722 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला वोटर्स कर रहे हैं. इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने के इरादे से मैदान में उतरी है, जबकि कांग्रेस 2016 में हारने के बाद फिर से सरकार बनाना चाहती है. इन चुनाव के लिए मतदान एक ही चरण में होगा. मतदान शाम पांच बजे खत्म होगा. मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हैं. राज्य भर के 31,490 मतदान केंद्रों पर 2.50 करोड़ मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करने वाले हैं. इन मतदाताओं में 1.25 करोड़ महिलाएं और थर्ड जेंडर के 318 मतदाता शामिल हैं.
केरल विधानसभा चुनाव में 883 उम्मीदवार मैदान में
केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) रतन यू केलकर ने बताया कि केरल विधानसभा चुनाव में 883 उम्मीदवार मैदान में हैं. जिनके किस्मत का फैसला राज्य के 2.71 करोड़ मतदाताओं करेंगे. केलकर ने बताया कि राज्य में 30,495 मतदान केंद्र बनाए गये हैं. उन्होंने कहा- चुनाव के लिए 1.46 लाख प्रशिक्षित चुनाव अधिकारियों को तैनात किया है. मतदान के दौरान सुरक्षा के लिए 76,000 पुलिस कर्मियों और केंद्रीय बलों के कर्मियों को तैनात किया गया है.
पीएम मोदी ने असम, केरल और पुडुचेरी के लोगों से की वोट करने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को असम, केरल और पुडुचेरी के लोगों से अपने प्रदेश में विधानसभा चुनाव में बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है. अंग्रेजी के अलावा असमिया, मलयालम और तमिल में जारी अलग-अलग संदेशों में प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से आगे आकर मतदान करने का आग्रह किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा- असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान शुरू होने के साथ, मैं असम के लोगों से बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील करता हूं. मुझे उम्मीद है कि राज्य के युवा और महिला मतदाता उत्साहपूर्वक भाग लेंगे और इस चुनाव को लोकतंत्र और जन कर्तव्य का पर्व बनाएंगे.
मंत्री वीना जार्ज ने डाला वोट
केरल विधानसभा चुनाव में राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने पथानामथिट्टा के अनाप्पारा सरकारी स्कूल में अपना वोट डाला
सीएम पिनाराई विजयन ने डाला वोट
केरल विधानसभा चुनाव 2026 में केरल के मुख्यमंत्री और धर्मदम सीट से CPI(M) उम्मीदवार पिनाराई विजयन ने धर्मदम के पिनाराई RC अमला बेसिक यूपी स्कूल स्थित बूथ नंबर 194 पर अपना वोट डाला.
