असम चुनाव: कांग्रेस-AAP और AGP ने जारी की उम्मीदवारों की सूची, सीएम हिमंता शुक्रवार को करेंगे नामांकन

Assam Election: असम विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP) और असम गण परिषद (AGP) ने अपने-अपने उम्मीदवारों की नई सूची जारी कर दी है. वहीं, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा शुक्रवार को नामांकन दाखिल करेंगे.

Assam Election: असम विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है. शह मात के इस खेल में सियासी दल अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं. गुरुवार (19 मार्च) को कांग्रेस ने उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है. वहीं आम आदमी पार्टी और असम गण परिषद ने भी अपने 22 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है. इस बीत बीजेपी नेता और प्रदेश के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा शुक्रवार (20 मार्च) को अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं. असम में 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा और मतों की गिनती चार मई को होगी.

सीएम हिमंता 20 मार्च को दाखिल करेंगे नामांकन

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि वह विधानसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र शुक्रवार को दाखिल करेंगे. हिमंत कामरूप जिला निर्वाचन कार्यालय में जलुकबारी सीट के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करने वाले हैं. सीएम हिमंता ने गुरुवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा- कल, जलुकबारी की जनता के आशीर्वाद से मैं उस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के लिए सातवीं बार अपना नामांकन दाखिल करूंगा. इसने मुझे सब कुछ दिया है. कृपया कल सुबह मेरे साथ शामिल हों. सीएम सरमा साल 2001 से जलुकबारी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी ने असम चुनाव के लिए 88 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की जिसमें मुख्यमंत्री को उनके गढ़ जलुकबारी से मैदान में उतारा गया है.

असम गण परिषद ने जारी की 26 उम्मीदवारों की सूची, 13 मुस्लिम चेहरों को मौका

असम में भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी असम गण परिषद ने गुरुवार को राज्य विधानसभा चुनाव के लिए 26 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. खास बात यह है कि पार्टी ने इस सूची में 13 मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया है. पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री अतुल बोरा को एक बार फिर बोकाखाट सीट से मैदान में उतारा गया है, जबकि कैबिनेट मंत्री केशव महंत को दोबारा कालियाबोर से टिकट मिला है. विधायक दीप्तिमयी चौधरी को बोंगाईगांव से और पृथ्वीराज राभा को तेजपुर सीट से फिर मौका दिया गया है. वहीं, प्रदीप हजारिका को शिवसागर की जगह इस बार अमगुरी सीट से चुनाव लड़ाया जाएगा. एनडीए के भीतर हुए सीट बंटवारे के समझौते के अनुसार, AGP 26 सीटों पर, बीजेपी 89 पर और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

कांग्रेस ने 22 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी

कांग्रेस ने गुरुवार को असम विधानसभा चुनाव के लिए 22 उम्मीदवारों की अपनी तीसरी सूची जारी कर दी है. इसके साथ ही पार्टी अब तक राज्य की 126 सीटों में से 87 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है. इससे पहले कांग्रेस ने 3 मार्च को 42 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जबकि शनिवार को 23 उम्मीदवारों की दूसरी सूची सामने आई थी. पार्टी ने अपने गठबंधन सहयोगियों के लिए 15 सीटें छोड़ी हैं.

कई सीटों पर नए उम्मीदवारों को मौका

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने असम चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम मंजूरी दी है.

तीसरी सूची के मुताबिक

  • माणिक ब्रह्मा को कोकराझार
  • सपाली मराक को बाओखुंगरी
  • अशरफुल इस्लाम शेख को पर्वतझोरा
  • बेबी बेगम को धुबरी
  • आफताबुद्दीन को जलेश्वर
  • प्रदीप सरकार को अभयपुरी
  • मतिलाल नारजारी को सिदली चिरांग से चुनाव मैदान में उतारा गया है.

AAP ने जारी की एक उम्मीदवार की सूटी

आम आदमी पार्टी (AAP) ने असम राज्य में विधानसभा चुनाव 2026 के लिए एक उम्मीदवार की तीसरी लिस्ट जारी की है. आम आदमी पार्टी ने आदित्य गोगोई को न्यू गुआहाटी से मैदान में उतारा है.

Also Read: मिडिल ईस्ट युद्ध के बीच पीएम मोदी का शांति प्रयास, फ्रांस से लेकर मलेशिया तक के नेताओं से की बात

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >