इसलामाबाद/नयी दिल्ली : नयी दिल्ली की हजरत निजामुद्दीन दरगाह के सज्जादानशीन समेत दो हिंदुस्तानी उलेमा पाकिस्तान में लापता हो गये हैं. भारत ने इस मामले को पाकिस्तान सरकार के सामने उठाया. हजरत निजामुद्दीन दरगाह के सज्जादानशीन आसिफ निजामी और नाजिम निजामी लाहौर में मशहूर दाता दरबार दरगाह गये थे, जहां से उन्हें बुधवार को कराची के लिए विमान यात्रा करनी थी.
एक सूत्र ने बताया कि आसिफ को कराची जाने की इजाजत दी गयी, जबकि नामुकम्मल कागजात की बुनियाद पर नाजिम को लाहौर एयरपोर्ट पर रोक दिया गया. नाजिम लाहौर एयरपोर्ट पर लापता हो गये और आसिफ कराची एयरपोर्ट पहुंचने के बाद लापता हो गये.
भारत ने पाकिस्तान सरकार के साथ नयी दिल्ली में और भारतीय उच्चायोग के मार्फत इसलामाबद में यह मुद्दा उठाया है और इस मामले की जांच करने को कहा. दोनों अपने रिश्तेदारों से मिलने आठ मार्च को कराची गये थे. निजामुद्दीन दरगाह और दाता दरबार के बीच उलेमाओं के आने-जाने का सिलसिला परंपरा का एक हिस्सा है.
भारत ने शुक्रवार को पाकिस्तान से कहा है कि वह लाहौर में बुधवार से लापता हुए दोनों भारतीय नागरिकों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराए. मामले में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर बताया भारत ने पाकिस्तान के समक्ष यह मसला उठाया है.
