नयी दिल्ली : आठ बार भाजपा की सांसद चुनी गई मृदुभाषी सुमित्रा महाजन को लोग प्यार से ताई यानि बड़ी बहन बुलाते हैं. सुमित्रा संघर्ष में तपी नेता हैं जो कि निचले स्तर से लोकसभा अध्यक्ष के शीर्ष पद तक पहुंची हैं.
दिलचस्प बात है कि महिला सांसदों में सबसे वरिष्ठ सांसद 71 वर्षीय सुमित्रा महाजन का आधिकारिक नाम 16वीं लोकसभा के सांसदों की सूची में सुमित्रा महाजन (ताई) के तौर पर दर्ज है. मीरा कुमार के बाद महाजन लोकसभाध्यक्ष बनने वाली दूसरी महिला हैं.
राजनीतिक जीवन की शुरुआत 39 वर्ष की आयु में करने वाली महाजन उप महापौर बनीं और उसके बाद मध्यप्रदेश में इंदौर लोकसभा सीट से सांसद चुनी गईं. वर्ष 1999 से 2004 के बीच वह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में राज्य मंत्री रहीं तथा मानव संसाधन, संचार एवं प्रौद्योगिकी तथा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस जैसे विभिन्न मंत्रालयों का प्रभार संभाला.
