Kiki Challenge: कोर्ट ने इन तीन युवकों के खिलाफ सुनाया यह मजेदार फैसला...

मुंबई: महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक स्थानीय अदालत ने किकी चैलेंज का वीडियो पोस्ट करने वाले तीन लोगों को वसई रेलवे स्टेशन पर लगातार तीन दिन तक सफाई करने का आदेश दिया है. वीडियो में ये तीनों चलती ट्रेन में ‘किकी चैलेंज’ पर अमल करते दिख रहे हैं. किकी चैलेंज की शुरुआत कनाडा के […]

मुंबई: महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक स्थानीय अदालत ने किकी चैलेंज का वीडियो पोस्ट करने वाले तीन लोगों को वसई रेलवे स्टेशन पर लगातार तीन दिन तक सफाई करने का आदेश दिया है.

वीडियो में ये तीनों चलती ट्रेन में ‘किकी चैलेंज’ पर अमल करते दिख रहे हैं. किकी चैलेंज की शुरुआत कनाडा के रैपर ड्रेक ने की. इस चैलेंज की शुरुआत करते हुए ड्रेक ने चलते वाहन से कूदकर अपने गीत ‘इन माई फीलिंग्स’ पर डांस किया था.

श्याम शर्मा (24), ध्रुव (23) और निशांत (20) ने पश्चिम रेलवे के वसई स्टेशन पर वीडियो बनाया था. एक सप्ताह पहले अपलोड किये जाने के बाद सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो गया.

वीडियो को करीब डेढ़ लाख लोग देख चुके हैं. रेलवे सुरक्षा बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीनों लोगों को बुधवार को गिरफ्तार किया गया और उन्हें वसई रेलवे कोर्ट में पेश किया गया.

अदालत ने उन्हें तीन दिन तक स्थानीय रेलवे स्टेशन को साफ करने का आदेश देने के साथ-साथ उनसे रेलयात्रियों को किकी चैलेंज जैसे स्टंट से दूर रहने के बारे में जानकारी देने को भी कहा.

अधिकारी ने बताया कि रेलवे अदालत ने आदेश दिया है कि तीनों वसई रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफाॅर्म को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक और इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक साफ करेंगे.

साथ ही यात्रियों को किकी चैलेंज जैसे खतरनाक स्टेंट के बारे में भी जागरूक करेंगे. उन्होंने बताया कि इन सभी को भारतीय रेल अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया. इन धाराओं के तहत एक साल तक की जेल और 500 रुपये का जुर्माने का प्रावधान है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >