कुचायकोट. गोपालपुर पुलिस ने खालगांव स्थित शिव मंदिर के पास एक युवक को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी की बाइक तथा दो मोबाइल बरामद किये. आरोपित बाइक और मोबाइल बेचने के इरादे से इलाके में घूम रहा था. पुलिस को सूचना मिली कि खालगांव मंदिर और यज्ञ स्थल के पास एक व्यक्ति चोरी की बाइक बेचने की फिराक में है. तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी कर आरोपित को पकड़ लिया. तलाशी में उसके पास दो मोबाइल भी बरामद हुए. पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि ये बाइक और मोबाइल उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तमकुही राज मार्केट में महावीर अखाड़ा मेले के दौरान चोरी किये गये थे. पुलिस ने बताया कि आरोपित बिहार के अन्य क्षेत्रों में घूमने के बाद गोपालपुर थाना क्षेत्र में चोरी की वस्तुएं बेचने पहुंचा था. गिरफ्तार आरोपित की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के सलेमगढ़ माली टोला गांव के रितेश कुमार उर्फ भुटेली गिरि के रूप में हुई है. आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत थाने को दें ताकि ऐसे अपराधियों को रोका जा सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
